
इंटरनेट फोटो
केंद्रीय मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया ने बताया कि खेरिया हवाई अड्डे पर सिविल टर्मिनल को लेकर आ रही अड़चन दूर करने का रास्ता निकाल लिया गया है। एयरफोर्स के पास लगभग 500 एकड़ जमीन है। इसी में से सिविल टर्मिनल के लिए 250 एकड़ जमीन का करार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे एयरफोर्स को सुरक्षा का खतरा भी नहीं होगा।इसके लिए भारत सरकार अब नई जमीन खरीदने की बजाय एयरफोर्स से ही 250 एकड़ जमीन 30 साल के लिए लीज पर लेगी। इसकी एंट्री धनौली की तरफ से होगी। इस पर 24 मई को रक्षामंत्री के साथ दिल्ली में होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में मंथन होगा। आगरा से दिल्ली के बीच जलमार्ग शुरू करने के लिए भी जल्द कवायद शुरू होगी। सड़क-परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी जल्द ही दौरा कर बैराज के प्रस्ताव को हरी झंडी देगी। प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष विजय शिवहरे, महामंत्री अनिल चौधरी, शरद चौहान, मनोज शर्मा आदि मौजूद थे।
प्रदेश सरकार भी तैयार
उत्तर प्रदेश शासन में सचिव एसके रघुवंशी ने इस संबंध में शुक्रवार को ही नागरिक उड्डयन के निदेशक को पत्र लिखकर किसानों की जमीन उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने बताया है कि एयरपोर्ट पर सिविल एन्क्लेव के लिए 23.318 हेक्टेयर जमीन किसानों से लेने के लिए डेढ़ अरब से अधिक धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।
पर्यटन को मिलेगा बढावा
आगरा में रेल मार्ग या यमुना एक्सप्रेस से पर्यटक आते हैं, वे ताजमहल का दीदार करने के बाद शाम तक लौट जाते हैं। सिविल टर्मिनल बनने के बाद अन्य देशों से पर्यटक सीधे आगरा आ सकेंगे, उन्हें दिल्ली नहीं रुकना होगा। इससे वे आगरा में एक दो दिन ठहरेंगे, इसी उम्मीद में पर्यटन संस्थाएं सिविल टर्मिनल के लिए प्रयास कर रही हैं।
Leave a comment