आगरालीक्स…आगरा कैंट से सदर, एमजी रोड होते हुए आगरा कॉलेज तक मेट्रो के लिए पाइलिंग का काम हुआ पूरा. कालिंदी विहार तक के लिए चल रहा तेजी से काम
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा एक बड़ी उपलब्धि में द्वितीय कॉरिडोर के प्राथमिक भाग (आगरा कैंट से आगरा कॉलेज ) हेतु पाइलिंग फाउंडेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। यूपीएमआरसी द्वारा आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बन रहे दूसरे कॉरिडोर में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। यूपी मेट्रो ने दूसरे कॉरिडोर के प्राथमिक सेक्शन में 1988 पाइल का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच बन रहे दूसरे कॉरिडोर में में कुल 4096 पाइल, 762 पाइलकैप एवं 762 पियर का निर्माण किया जाना है। जिसमें से अब तक 3335 पाइल, 530 पाइलकैप एवं 481 पिलर का निर्माण किया जा चुका है। इसके साथ ही अब तक लगभग 285 पियरकैप एवं 205 यू गर्डर का परिनिर्माण भी किया जा चुका है। इस भाग के लिए डौकी स्थित कास्टिंग यार्ड में पियरकैप, यू गर्डर आदि की कास्टिंग की जा रही है।
आगरा कैंट मेट्रो स्टेशन व सदर स्टेशन पर शुरू हुआ फिनिशिंग कार्य
सिविल निर्माण के साथ स्टेशनों पर फिनिशिंग कार्य भी शुरू कर दिया गया है। सदर एवं आगरा कैंट मेट्रो स्टेशन पर पत्थर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, एवं सिस्टम्स कार्य भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि ताजनगरी आगरा में 29.4 कि.मी. लंबे दो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें कुल 27 स्टेशन हैं। 14 कि.मी. लंबे प्रथम कॉरिडोर का निर्माण ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच किया जा रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों है, जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन हैं। इस कॉरिडोर में 6 कि. मी. लंबे प्रायोरिटी सैक्शन में सफलतापूर्वक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। वहीं, आगरा कैंट से कालिंदी विहार के मध्य लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर में 14 एलिवेटेड स्टेशनों का निर्माण कार्य किया जा रहा है।