आगरालीक्स …आगरा में पहले चरण में सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक मेट्रो चलेगी, इस साल के अंत तक मेट्रो का काम शुरू हो जाएगा। लखनऊ रेल मेट्रो कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक (एमडी) कुमार केशव ने बताया कि प्रोजेक्ट की लागत 8379 करोड़ रुपये होगी।
शनिवार को आगरा आए एमडी कुमार केशव ने पहले कॉरीडोर के लिए सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक मेट्रो ट्रेन के लिए स्थलीय निरीक्षण किया, इसका तकनीकी सर्वे कराने के बाद साल 2019 के अंत तक काम शुरू हो जाएगा।
28 मिनट में पूरा होगा 14 किलोमीटर का सफर
पहले सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक के कॉरिडोर का निर्माण होगा। इसकी लंबाई 14 किमी है। इसमें 6.53 किमी एलीवेटेड और 7.64 किमी अंडरग्राउंड ट्रैक होगा। 15 मेट्रो स्टेशन होंगे। सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक पहुंचने में करीब 28 मिनट लगेंगे। अभी यह दूरी तय करने में 45 मिनट से अधिक का समय लगता है। पहले कॉरिडोर में चार स्मारक आ रहे हैं। पहला स्मारक मरियम का मकबरा, दूसरा सिकंदरा स्मारक, तीसरा आगरा किला और चौथा ताजमहल शामिल है। इसके लिए एएसआइ से अनुमति लेनी होगी। एनओसी के लिए जल्द आवेदन किया जाएगा। एएसआइ के अलावा नगर निगम, जल संस्थान, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, छावनी परिषद सहित अन्य विभागों से एनओसी लेनी पड़ेगी।
16 किलोमीटर लंबा है दूसरा कॉरीडोर
पहला कॉरिडोर बनने के बाद दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार का निर्माण शुरू होगा। दूसरा कॉरिडोर 16 किमी लंबा है। पूरा ट्रैक एलीवेटेड होगा। आगरा मेट्रो के दो डिपो होंगे। पहला डिपो पीएसी ग्राउंड और दूसरा कालिंदी विहार क्षेत्र में बनाया जाएगा।