आगरालीक्स…जबर्दस्त, घूंघट डालकर अस्पताल पहुंची एसडीएम कृति राज. लाइन में लगकर पर्चा बनवाया और डॉक्टर को दिखाया..मिलीं ये हकीकत
ये घूंघट में जिस महिला का फोटो आप देख रहे हैं, यह फिरोजाबाद की एसडीएम सदर कृति राज हैं. आज इन्होंने अस्पताल की हकीकत वाली व्यवस्थाओं को जानने के लिए अजब तरीका निकाला. गोपनीय तरीके से एसडीएम आज सुबह 11 बजे दीदामई स्थित शकीला नईम स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची. अपनी गाड़ी को अस्पताल से काफी दूर छोड़ दिया और फिर इसके बाद पैदल अस्पताल पहुंचीं. यहां उन्होंने सिर पर घूंघट डाल लिया और आम मरीज बनकर लाइन में पर्चा बनवाने के लिए खड़ी हो गईं.
पर्चा बनवाने के बाद यहां मरीजों को देख रहे डॉक्टर शादाब खान को दिखाने के लिए भी लाइन में लग गईं. इस दौरान वह डॉक्टर का मरीजों के प्रति व्यवहार को पूरी तरह से देखती रहीं. घूंघट डालकर इन्होंने खुद को भी डॉक्टर को दिखाया लेकिन डॉक्टर का व्यवहार मरीजों के प्रति सही नहीं था. बाद में जब इन्होंने अपना घूंघट हटाया तो एसडीएम सदर कृति राज को देखकर चिकित्सकों और कर्मचारियों के होश उड़ गए.
अस्तपाल में मिलीं काफी अव्यवस्थाएं
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कृति राज को यहां काफी अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं. ओआरएस के पैकेट, कुत्ते काटने के इंजेक्शन और स्टोर में रखी दवाइयां आधी एक्सपायर मिलीं. स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर देखा तो कई कर्मचारियों के साइन तो थे लेकिन वो नदारद रहे. अस्पताल के बेड पर काफी धूल जमा थी. डिलीवरी रूम और शौचालय में काफी गंदगी मिली. एसडीएम ने अस्पताल में मिली सारी व्यवस्थाओं की रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी है.
