आगरालीक्स…आगरा में मेयर पद के लिए भाजपा से दावेदारी कर रहे सांसद और विधायकों के रिश्तेदारों को झटका, नहीं मिलेगी टिकट. आज से नामांकन शुरू. देखें वीडियो
नगर निगम चुनाव का शोर शुरू हो चुका है. आज से नामांकन प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. एक ओर जहां पार्षदी के लिए कई राजनीतिक और निर्दलीय प्रत्याशियों ने अभी से जोरआजमाइश शुरू कर दी है तो वहीं मेयर पद के लिए राजनीतिक दलों में माथापच्ची का दौर शुरू हो गया है. आगरा मे मेयर पद के लिए भाजपा आला कमान ने अपने विधायकों और सांसदों के रिश्तेदारों को झटका दिया है. सीएम योगी द्वारा नगर निकाय चुनाव में आदेश दिया गया है कि किसी भी भाजपा सांसद या विधायक के रिश्तेदार को पार्टी की ओर से मेयर की टिकट नहीं दी जाएगी. भाजपा के इस फैसले से उन लोगों को बुरी तरह झटका लगा है जो खुद को मेयर उम्मीदवार के रूप में पेश कर रहे थे.

नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है. आगरा नगर निगम के 21 कक्षों में नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई है जिसमें 20 कक्ष पार्षद उम्मीदवारों के लिए हैं. एक कक्ष में पांच वार्डों के प्रत्याशियों के नामांकन हो रहे हैं. इस तरह 100 वार्डों के प्रत्याशियों के लिए 20 कक्ष बनाए गए हैं. वहीं एक कक्ष मेयर पद के उम्मीदवार के नामांकन के लिए है. आज मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई, कई उम्मीदवार आज नामांकन पत्र खरीदने के लिए यहां पहुंचे.
4 मई को मतदान, 13 को मतगणना
आगरा में नगर निगम चुनाव को लेकर आज से नामांकन शुरू हो गया है. इसकी अंतिम तारीख 17 अप्रैल है. नामांकन पत्रों की जांच 18 और 20 अप्रैल तक वापसी होगी. 21 अप्रैल को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा. 4 मई को आगरा में मतदान होगा तो वहीं 13 मई को मतगणना होगी.