आगरालीक्स…Agra News: आगरा में एडीए की सबसे बड़ी टाउनशिप अटलपुरम में प्लाट के साथ ही 2 और 3 बीएचके के फ्लैट भी बुक किए जाएंगे। 15 अगस्त से बुकिंग संभावित, रेट और फ्लैट की संख्या जानें। ( Agra News: 1085 Flat & 615 Plot in New Atal Puram Township in Agra#Agra)
आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्वालियर रोड पर ककुआ भांडई में अटलपुरम टाउनशिप विकसित की जा रही है। 138 हेक्टेयर में विकसित की जा रही टाउनशिप में सात सेक्टर बनाए जा रहे हैं। पहले चरण में तीन सेक्टर विकसित करने के बाद प्लाट और फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।
2 और 3 बीएचके के 1085 फ्लैट
अटलपुरम के पहले तीन सेक्टर में 44 हेक्टेयर में प्लाट और फ्लैट की बिक्री की जाएगी। तीन सेक्टर में दुर्बल, अल्प और मध्यम आय वर्ग के लिए 615 प्लाट हैं। इसके साथ ही ग्रुप हाउसिंग भी विकसित की जाएगी। ग्रुप हाउसिंग में 2 और 3 बीएचके के 1085 फ्लैट होंगे। इसके साथ ही 878 वर्ग मीटर में व्यावसायिक प्लाट और सामुदायिक गतिविधियों के लिए सेमी कामर्शियल प्लाट भी होंगे।
रेरा में पंजीकरण की चल रही प्रक्रिया
अटलपुरम के लिए एडीए द्वारा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी यानी रेरा में नई टाउनशिप की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया चल रही है, इसके लिए एडीए को 30 लाख रुपये का शुल्क जमा करना है। 15 अगस्त तक अटलपुरम की लांचिंग संभावित है।