आगरालीक्स…आगरा में पुष्पा फिल्म की तरह ट्रक में गुप्त केबिन बनाकर तस्करी को ले जाया जा रहा था 154 किलो गांजा. लेकिन ये फिल्म नहीं जो चकमा दे जाते, पुलिस ने दबोचा
आगरा में पुष्पा फिल्म की तर्ज पर ट्रक के अंदर एक गुप्त केबिन बनाकर उसमें गांजे की सप्लाई की जा रही थी लेकिन पुलिस ने चेकिंग के बाद ट्रक को पकड़ लिया और गुप्त केबिन को तलाश कर उसके अंदर से किलो गांजा भी बरामद किया है. इस बरामद गांजे की कीमत 21.5 लाख से अधिक है. पुलिस ने एक आरोपी को अरेस्ट किया है. पुलिस अब इस गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में जुट गई है.

उड़ीसा से दिल्ली जा रहा था ट्रक
डीसीपी नगर विकास कुमार ने बताया कि आगरा में अवैध गांजे को लेकर की जा रही तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक उड़ीसा से आगरा के लोकल रास्तों से होकर दिल्ली के लिए जा रहा है और उसके अंदर गांजा है. इस पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी. थाना मंटोला पुलिस ने जब चेकिंग की तो संबंधित ट्रक को देखकर रोक लिया. पुलिस ने जब ड्राइवर से पूछताछ की तो वह आनाकानी कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगा. इसके बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो पता चला कि ट्रक के अंदर एक गुप्त केबिन है जिसमें से पुलिस ने 154 किलो गांजा बरामद किया. इसकी कीमत ₹21,56,000/ अनुमानित हे.
डीसीपी ने बताया कि यह लोग उड़ीसा से अवैध रूप से गांजा लेकर आते हैं और दिल्ली ले जाकर इसे बेच देते हैं. जिस आरोपी को आज पकड़ा गया है उसका नाम सुरेश पुत्र डूंगरराम निवासी चुरू राजस्थान है. इस तस्करी में शामिल सभी लोगों को जल्द ही अरेस्ट किया जाएगा.