आगरालीक्स…ये तो पुष्पाराज से भी बड़ा निकला. सायरन बजाती एंबुलेंस में लेकर जा रहा था 200 किलो गांजा. एंबुलेंस के अंदर इस तरह रखा था गांजा कि किसी को पता ही न चले
आगरा की थाना हरीपर्वत, एसओजी और सर्विलांस की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक गांजा तस्कर को दबोचा है. ये तस्कर एंबुलेंस में गांजा लेकर जा रहा था. पुलिस ने इसके पास से 200 किलो गांजा सहित फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं. यह तस्कर विभिन्न राज्यों की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर एंबुलेंस को ले जाता था, जिससे कि किसी को कोई शक न हो.

थाना हरीपर्वत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक गांजा तस्कर एंबुलेंस में गांजा लेकर जा रहा है. इस पर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीम ने चेकिंग शुरू की तो पुलिस ने एंबुलेंस को पकड़ लिया. पुलिस ने चालक तस्कर को अरेस्ट किया. पूछताछ में इसने अपना नाम चंद्रवीर निवासी गोंडा अलीगढ़ बताया. पुलिस ने एंबुलेंस के अंदर कई फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की जो कि अलग-अलग राज्यों की थी. ये तस्कर ओडिश से मथुरा गांजा लेकर जा रहा था. पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी ली तो एंबुलेंस के अंदर लोहेनुमा बॉक्स के अंदर गांजा रखा हुआ था. पुलिस ने 200 किलो गांजा बरामद किया है.
