आगरालीक्स…Agra News: आगरा में मिस्टर यूपी रह चुके जिम संचालक का अपनी ही जिम में फंदे से लटका शव मिला, युवा उनकी इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल कर रहे हैं जिसमें जब जब खुश रहने की कोशिश करता हूं तब तब मुझे नया दर्द मिलता है, गाना सुनाई दे रहा है।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के मंगलम आधार अपार्टमेंट में 35 साल के भरत सिंघानियां पत्नी दीप शिखा और मां बीना के साथ रहते थी, उनकी पत्नी टीचर हैं। कमला नगर मुख्य बाजार में वीमार्ट के ऊपर द्वितीय तल पर भरत सिंघानियां की बीस्ट फिटनेस जिम है। शुक्रवार शाम को एक्सरसाइज करने के लिए युवा जिम में पहुंचे, जिम संचालक भरत सिंघानियां फंदे से लटके हुए थे, युवा उन्हें अस्पताल ले गए लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। जिम संचालक भरत सिंघानियां ने आत्महत्या क्यों की इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पत्नी से दोपहर में हुई थी बात
जिम संचालक भरत सिंघानिया की दोपहर 3.52 बजे पत्नी दीपशिखा से बात हुई थी, पुलिस को उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान सब कुछ सामान्य लग रहा था, भरत सिंघानियां के पिता अंगद सिंह का कुछ दिन पहले निधन हो चुका है।
मिस्टर यूपी रह चुके हैं भरत सिंघानियां
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कोविड से पहले हुई बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भरत सिंघानियां मिस्टर यूपी और उससे पहले मिस्टर आगरा का खिताब जीत चुके हैं। उनकी जिम कमला नगर मुख्य बाजार में थी, बड़ी संख्या में युवा जिम में आते थे। पुलिस उनके सोशल मीडिया एकाउंट खंगाल रही है। उनकी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में भरत सिंघानियां अस्पताल में भर्ती दिखाई दे रहे हैं, इस पोस्ट के बैकग्राउंड में गाना चल रहा है जब जब खुश रहने की कोशिश करता हूं तब तब मुझे नया दर्द मिलता है, इसे युवा वायरल कर रहे हैं।