आगरालीक्स ….आगरा में फ्रांस के युवक और डेनमार्क से लौटे दो सगे भाई कोरोना पॉजिटिव, विदेश से लौट रहे लोगों से कोरोना संक्रमण का खतरा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट।
आगरा में कोरोना संक्रमण का खतरा कम नहीं हुआ है। हर बार विदेश से लौट रहे लोगों से ही कोरोना संक्रमण फैला है। अब तीसरी लहर में कोरोना के केस कम हुए थे लेकिन सोमवार को नए केस बढ़ गए। कोरोना के पांच नए केस मिले हैं, इसमें से तीन विदेश से आगरा आए हैं।

डेनमार्क से आए दो सगे भाई कोरोना संक्रमित
कमला नगर का एक परिवार डेनमार्क में रहता है, ये परिवार के साथ चार दिन पहले आगरा लौटे। भारत आने पर कोरोना की जांच की गई। इस परिवार में सात और नौ साल के सगे भाईयों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन दोनों को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
फ्रांस से अपनी बेटे के पास आए युवक की रिपोर्ट भी पाजिटिव
ताजगंज क्षेत्र में रहने वाला युवक फ्रांस में नौकरी कर रहा है, वह एक महीने पहले आगरा आया। फ्रांस जाने के लिए कोरोना की जांच कराई, कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
तीनों के सैंपल की होगी जीनोम सिक्वेंसिंग
भले ही भारत में कोरोना के केस कम हो गए हैं लेकिन चीन सहित कई देशों में कोरोना के नए केस बढ़ रहे हैं। ऐसे में विदेश से लौटे तीनों कोरोना संक्रमित मरीजों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। इससे पता चल सकेगा कि मरीज कोरोना के किस वैरिएंट से संक्रमित हुए हैं।