आगरालीक्स…Agra News : गर्भवती जांच कराती रहें तो मां और गर्भस्थ शिशु ठीक रहते हैं। आगरा में 81488 गर्भवती ने कराई प्रसव से पहले जांच ( Agra News : 81488 Pre Natal testing in Agra #Agra)
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत अप्रैल से नौ दिसंबर तक जिले की 81488 गर्भवती ने पीएमएसएमए दिवस पर प्रसव पूर्व जांच कराई। दिवस का उद्देश्य गर्भवती को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
प्रत्येक महीने की एक, नौ, 16 और 24 तारीख को पीएमएसएमए दिवस का आयोजन होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए पीएमएसएमए दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें गर्भवती की दूसरे व तीसरे त्रैमास में एमबीबीएस डॉक्टर से प्रसव पूर्व जांच कराई जाती है। इसका आयोजन स्वास्थ्य इकाईयों पर किया जाता है और गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच करके उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान की जाती है साथ ही संदर्भित भी किया जाता है।
एसीएमओ आरसीएच डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि पीएमएसएमए दिवस में गर्भवती की प्रसव पूर्व हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन जांच, ब्लड ग्रुप, एचआईवी, सिफ़लिस, टीबी, हेपेटाइटिस बी, वजन, ब्लड प्रेशर एवं अन्य जांच की जाती हैं। एचआरपी युक्त गर्भवती की पहचान करके संदर्भित किया जाता है। गर्भवती को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। ई-रुपी वाउचर के जरिये गर्भवती को निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जांच की सुविधा मिल रही।