आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर सिकंदरा के बीच बुलेट अड्डा के सामने खोला गया कट. गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मेट्रो ने दी वैकल्पिक राहत
गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु का ताल आने वाली संगत के लिए राहत भरी खबर है। मेट्रो रेल के निर्माण कार्य के चलते गुरुद्वारा गुरु का ताल जाने वाली संगत को फिलहाल काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। खास तौर पर जो लोग मदिया कटरा ,कैलाशपुरी से रेलवे क्रॉसिंग होते हुए गुरुद्वारा गुरु का ताल जाते हैं उन्हें या तो सर्विस लेन से जाकर एक बड़ा यू टर्न लेना पड़ता है या फिर सिकंदरा से वापस लौटकर गुरुद्वारा गुरु का ताल आना पड़ता है, लेकिन गुरु नानक जयंती पर आने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मेट्रो ने फिलहाल एक वैकल्पिक व्यवस्था की है। जिसके चलते रेलवे ब्रिज से आने वाले श्रद्धालुओं को अब यू टर्न नहीं लेना पड़ेगा।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मौजूदा मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने बताया कि गुरुद्वारा आने वाली संगत को देखते हुए मेट्रो प्रशासन से निर्माण कार्य के बीच कोई वैकल्पिक व्यवस्था देते हुए एक कट बनाए जाने को कहा गया था। जिसको देखते हुए मेट्रो प्रशासन ने बुलेट अड्डा के सामने मेट्रो की बेरिकेडिंग हटाते हुए फिलहाल कट चालू करने पर सहमति बनाई है। जिसके चलते अब रेलवे ब्रिज से आने वाली संगत हाईवे पर कुछ मीटर चलकर यू टर्न लेकर गुरुद्वारा पहुंच सकती है।
गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह जस्सी ने बताया कि पिछले कई दिन से मेट्रो के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क कर संगत की सुविधा के लिए प्रयास किया जा रहे था। जिसको देखते हुए मेट्रो अधिकारियों ने यहां सर्वे कर नया कट बनाए जाने पर सहमति बनाई। माना जा रहा है कि इस वैकल्पिक व्यवस्था से गुरुद्वारा गुरु का ताल आने वाली संगत को काफी राहत मिलेगी और हाईवे पर यू टर्न के करण बेवजह के ट्रैफिक लोड से भी काफी राहत मिलेगी।
वही गुरुद्वारा गुरु का ताल के जत्थेदार राजेंद्र सिंह इंदौरिया जी ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि प्रकाश पर्व को देखते हुए हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए समुचित पुलिस कर्मियों की तैनाती अवश्य करें जिससे 6हाईवे पर चलने वाली यात्रियों व गुरुद्वारा आने वाली संगत को किसी भी तरह की परेशानी न उठानी पड़े।