आगरालीक्स…आगरा की जनकपुरी में जनक मंच पर हुई राम गाथा की नृत्य नाटिका. कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मोहा मन
हम कथा सुनाते राम सकल गुण धाम की। यह रामायण है पुण्य कथा श्री राम की…इन पंक्तियों के साथ कमला नगर में चल रहे विशाल, भव्य और ऐतिहासिक जनकपुरी महोत्सव में शनिवार शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत अनुरोध साहित्य कला केंद्र, आजमगढ़ द्वारा राम गाथा नृत्य नाटिका का भावपूर्ण, मनोहर, मार्मिक और जीवंत मंचन किया गया।
अनुराधा राय के निर्देशन और माँ शबरी, केकेई व कौशल्या के हृदयस्पर्शी किरदार में सजे इस नृत्य नाटिका के जरिए राम जन्म से लेकर रावण वध तक राम की लीला का अनूठा प्रस्तुतीकरण किया गया।
अनुराधा राय के साथ करण, गोपाल, सुधाकर, हर्ष, शिखा, सुमन, विभव, शिवांगी, गुलशन, रानू, काजल, ताबिश और शुभम सहित 16 बच्चों ने विभिन्न किरदारों में राम गाथा प्रस्तुत करते हुए हजारों दर्शकों का दिल छू लिया और राम भक्तों को तालियाँ बजाने पर मजबूर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन रीनेश मित्तल और श्रुति सिन्हा ने किया।