आगरालीक्स…आगरा चौपाटी घूमने गई फैमिली के साथ मारपीट. कर्मचारियों पर आरोप. टॉयलेट साफ करने की कहने पर विवाद..पुलिस कर रही जांच..
आगरा चौपाटी घूमने गई एक फैमिली के साथ मारपीट के आरोप लगाए गए हैं. चौपाटी में टॉयलेट इस्तेमाल करने पर कंपनी के कर्मचारियों ने महिला से अभद्रता की और उससे टॉयलेट साफ करने को कहा जिस पर विवाद हो गया. आरोप है कि महिला, उसके पति व भाई को प्लास्टिक के पाइपों से पीटा गया. इस संबंध में थाना ताजगंज में तहरीर दी गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बमरौली कटारा में रहने वाले जितेंद्र सिंह ने यह प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया कि शुक्रवार रात को वह अपनी पत्नी निशा और साले विपिन व बच्चों के साथ ताजनगरी फेस 2 स्थित चौपाटी घूमने के लिए गए थे. पत्नी ने चौपाटी में बना टॉयलेट इसतेमाल कर लिया. ऐसे में चौपाटी के संचालन को संभाल रही कंपनी के कर्मचारी वहां आ गए और अभद्रता करते हुए टॉयलेट की सफाई करने के लिए कहने लगे. जब इसका विरोध किया गया तो स्टाफ ने अन्य साथियों को बुला लिया और सबने मिलकर प्लास्टिक के पाइपों से हमला बोल दिया. पुलिस पर कॉल किया तो आरोपी वहां से भाग गए.पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर विधिक कार्रवाई की जाएगी.