आगरालीक्स…आगरा के पश्चिमपुरी व शास्त्रीपुरम में निकाली भक्ति और उल्लास के संग कलश यात्रा. पितृ पक्ष मास की पावन शुरुआत पर समन्वय सेवा समिति करा रही श्रीमद्भागवत सप्ताह सत्संग
पितृ पक्ष मास की पावन शुरुआत पर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास के रंग में रविवार को पश्चिमपुरी व शास्त्रीपुरम क्षेत्र क्षेत्र पूरी तरह सराबोर नजर आया, जब समन्वय सेवा समिति की ओर से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। महिलाएं पीतवस्त्र धारण किए हुए सिर पर कलश लेकर अनुशासित ढंग से चल रही थीं। बारिश और ठंडी हवाओ के बावजूद श्रद्धा और उत्साह ऐसा था कि महिलाएं बैंड बाजो की मधुर धार्मिक धुनों पर थिरकने से स्वयं को रोक नहीं सकीं। कथा संयोजक विराज गहराना और डॉ. विकास कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कलश यात्रा का शुरुआत पश्चिमपुरी स्थित सालासर बालाजी मंदिर से हुई। कलश यात्रा मार्ग में आठ स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र राधे-राधे के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। बग्गी पर विराजमान श्रीधाम वृंदावन से पधारे भगवताचार्य नीरज नयन महाराज श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा पश्चिमपुरी व शास्त्रीपुरम के विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल अमल गार्डन पर संपन्न हुई। अलौकिक यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में डुबो दिया।
कथा के प्रथम दिवस नीरज नयन महाराज ने देव प्रतिष्ठा, महात्म्य कथा एवं शुक्रदेव आगमन प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत समस्त अवरोधों और दुखों को दूर करने वाली सर्वोत्तम अमृतधारा है। जो श्रद्धापूर्वक भागवत का श्रवण करता है, उसके जीवन में कभी निराशा नहीं रहती। भगवान शिव ने स्वयं सुखदेव स्वरूप में संसार को भागवत का ज्ञान दिया है।
कार्यक्रम समन्वयक तुषार रंजन ने बताया कि सोमवार को कथा में विराट स्वरूप वर्णन, श्री ध्रुव चरित्र एवं अन्य प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। दैनिक यजमान कमलेश कुलश्रेष्ठ, मुकुल कुलश्रेष्ठ,राजीव रंजन,सुनील कुलश्रेष्ठ व सतीश चन्द्र कुलश्रेष्ठ ने पूजन किया। कथा में झूलन महोत्सव आकर्षण का केंद्र होगा। प्रतिदिन भक्ति, आध्यात्मिकता और धार्मिक उत्सवों की अलौकिक रसधारा प्रवाहित होगी। भागवत कथा दोपहर तीन से शाम छह बजे तक अमल गार्डन में चार अक्टूबर तक निरंतर चलेगी। इस अवसर पर पार्षद प्रवीणा राजावत, गरिमा रंजन, समीक्षा गहराना, मोनिका कुलश्रेष्ठ, सरला अग्रवाल, रेनू श्रीवास्तव,सोनम, अल्पना, रोहित डंग, नीरज सिंघल, आयुषी, अजय, अमल आदि मौजूद रहे।