आगरालीक्स…आगरा गोपाष्टमी पर बना गोकुल, कृष्ण-बलराम की गौचारण यात्रा में उमड़ा भक्ति-सागर. गायों संग चली ग्वाल-छवि, नगर में गुंजे ‘गोविन्द-गोविन्द’ के स्वर
गुरुवार को गोपाष्टमी के अवसर पर आगरा गोकुल बन गया, जब श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति द्वारा भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की दिव्य गौचारण यात्रा गौशाला, बल्केश्वर से निकाली गई। गायों के मध्य ठाकुरजी और बलदाऊ की अलौकिक छवि देखते ही बन रही थी। मार्ग में पुष्पवर्षा, मंगलगान और जयकारों ने वातावरण को पूर्णतः ब्रजमयी कर दिया। यात्रा की शुरुआत श्री गौशाला से गौ-पूजन, साड़ी उड़ाकर सेवा, भोग अर्पण और आरती के साथ हुई। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, पार्षद पूजा बंसल, शेखर गोयल, अशोक गोयल, महंत अनंत उपाध्याय, मुकेश शर्मा ने विधि-विधान से पूजा की।
गौचारण यात्रा अग्रवन वाटरवर्क्स चौराहा, बल्केश्वर चौराहा, शांति चौक, कमला नगर, पानी की टंकी रोड, महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, मुगल रोड होकर पुनः गौशाला पहुंची।
मार्ग में भक्तों की भीड़, महिलाओं द्वारा मंगल आरती, पदाधिकारियों का ग्वाल ग्वालिन भेष और गायों की घंटियों की ध्वनि सब मिलकर ऐसे प्रतीत हो रहा था मानो ब्रजधाम स्वयं आगरा उतर आया हो। अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष गौचारण यात्रा का मार्ग बदलकर कमला नगर क्षेत्र से निकाला गया। श्रद्धालुओं का उत्साह अवर्णनीय था। लगभग 200 से अधिक भक्त गोविंद-रंग में रंगे नृत्य, भजन और जयकारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। दर्जनों स्थानों पर दिव्य स्वागत हुआ। पांच आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे के साथ नाचते ग्वाल-ग्वालिन और भक्तों द्वारा गौ माता की आरती, पूजन एवं प्रसादी, हर कदम पर भक्ति और भावनाओं का संगम देखने को मिला। यात्रा का समापन गौशाला में भोग, कीर्तन और आरती के साथ हुआ। सम्पूर्ण क्षेत्र गोविन्द-गोविन्द, दाऊ-दाऊ, जय गौमाता के जयकारों से गुंजायमान रहा।