आगरालीक्स…आगरावालों, कल आपके घर सुबह ही आ जाएंगे बीएलओ और सुपरवाइजर. गणना प्रपत्र अभी तक नहीं भरे हैं तो भरकर रखें तैयार…डीएम की अपील—लास्ट डेट का न करें इंतजार
आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने ईआरओ,एईआरओ,बीएलओ, सुपरवाइजर से सूर सदन प्रेक्षागृह में सीधा संवाद करते हुए, बूथवार एसआईआर प्रगति की समीक्षा कर निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सर्व प्रथम आगरा साउथ के बीएलओ, सुपरवाइजर से संवाद करते हुए कुल गणना पत्र वितरण,संकलन तथा डिजिटाइजेशन प्रतिशत की प्रत्येक बीएलओ, सुपरवाइजर से बूथवार रिपोर्ट तलब की। कम प्रगति वाले बीएलओ, सुपरवाइजर से खराब प्रगति, फील्ड में आ रही समस्याओं के कारण की जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि वितरित किए गणना पत्र, डोर टू डोर मतदाताओं से संपर्क करने के बाद भी मतदाताओं द्वारा गणना पत्र भरकर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे संकलन में समस्या आ रही है, जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के बीएलए, पार्षद, सहायता हेतु लगाए गए नगर निगम के कार्मिकों आदि से समन्वय कर शतप्रतिशत गणना पत्र संकलन करने, बीएलओ ऐप के माध्यम स्वयं तथा नजदीकी डिजिटाइजेशन सेंटर पर संपर्क कर उन्हें प्राप्त सभी गणना पत्र डिजिटाइज़ कराने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 30 नवंबर रविवार को एसआईआर के "विशेष अभियान" के अंतर्गत मतदाता गणना पत्रों के संकलन हेतु सभी बीएलओ, सुपरवाइजर सुबह 08 बजे से घर घर, डोर टू डोर पहुंचेंगे, सभी मतदाता, फैक्ट्री वर्कर,अन्य जगह कार्यरत मतदाता कल रविवार होने से छुट्टी घर पर रहेंगे वे सभी कल सर्व प्रथम अपने गणना पत्र भर कर हस्ताक्षर कर बीएलओ को दे दें, यदि उनके पास 2003 की मतदाता सूची की जानकारी नहीं है तो उस कॉलम की जानकारियों को बीएलओ,सुपरवाइजर भरने में मदद व सहयोग करेंगे। सभी मतदाता अपना नाम, एपिक नंबर आदि भरकर,हस्ताक्षर, अंगूठा निशानी कर के कल सुबह बीएलओ को दे दें जिससे कि उनका नाम मतदाता ड्राफ्ट में आ जाए। अंतिम तिथि का इंतजार न करें।जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी चैंबर में एसआईआर के अंतर्गत “विशेष अभियान“ चलाए जाने के सम्बंध में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि जनपद में कल 30 नवंबर रविवार को एसआईआर के तहत डोर टू डोर गणना पत्र कलेक्शन को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। कल रविवार को छुट्टी के दिन इस अभियान को संचालित किया जा रहा है।सर्व प्रथम बीएलओ, सुपरवाइजर घर घर पहुंचकर फार्म संग्रहित करेंगे। इस अभियान में शहरी क्षेत्रों में लगभग 1600 अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं जो विशेष अभियान में बीएलओ व सुपरवाइजर का फार्म संकलन में सहयोग करेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपना गणना फॉर्म में बेसिक सूचना भरकर, हस्ताक्षर के साथ अपने बीएलओ को तुरंत सौंप दें। मतदाता सूची - 2003 संबंधी जानकारी, मैपिंग आदि बीएलओ, सुपरवाइजर द्वारा पूर्ण कर दी जाएगी।। अंतिम तिथि 04 दिसंबर तक जिन मतदाताओं द्वारा फार्म नहीं भरा जाएगा, उनका नाम ड्राफ्ट में शामिल नहीं किया जाएगा। अतः अंतिम दिन तक प्रतीक्षा न करें, कल बीएलओ को अपना गणना पत्र सौंपना सुनिश्चित करें।