आगरालीक्स…आगरा का युवक जम्मू में हुए लैंडस्लाइड के बाद अपने दो दोस्तों के साथ लापता. पांच दोस्तों का ग्रुप गया था वैष्णो देवी.
जम्मू में मंगलवार को हुई लैंडस्लाइड में आगरा का युवक अपने दो दोस्तों के साथ लापता हो गया है. पांच दोस्तों का ग्रुप 23 अगस्त को वैष्णोदेवी गया था. लौटते समय जम्मू में आज हुए लैंडस्लाइड में सभी बह गए. दो युवकों ने तैरकर एक पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचा ली लेकिन तीन दोस्त लापता हैं जिनमें आगरा का युवक भी शामिल है. एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस तीनों लापता युवकों की तलाश कर रही है.मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा के खेराढ़ में विनोद बंसल रहते हैं. इनका बेटा शिव धौलपुर में रहे वाले अपने मामा के बेटे और तीन अन्य दोस्तों के साथ 23 अगस्त को वैष्णो देवी दर्शन के लिए निकले थे. वैष्णो देवी दर्शन के बाद मंगलवार को इन्होंने कटरा के पास स्थित अन्य मंदिरों में दर्शन के लिए टैक्सी बुक की. इसके बाद जम्मू निकलगए. किशनपुर—डोमेल रोड पर गरनई लोटा के पास मंगलवार को लैंडस्लाइड हो गई. पहाड़ से गिर रहे पत्थरों व मलबे से बचने के लिए तीनों नीचे उतरे लेकिन तेज बहाव में फंस गए. आगे और पीछे दोनों ओर से पानी का बहाव आने के साथ सभी ने पेड़ को पकड़ लिया लेकिन यश, प्रांशु और शिव बह गए जबकि आदित्य और दीपक बच गए हैं.
रेस्क्यू आपरेशन के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ को सूचना दी गई. बारिश होने के कारण रेस्क्यू में परेशानी आ रही है लेकिन तीनों युवकों की तलाश जारी है.