आगरालीक्स …Agra News: आगरा विकास प्राधिकरण का ‘एनओसी पोर्टल’ लॉन्च, मकान बनाने के लिए एनओसी और अनापत्ति प्रमाण पत्र आनलाइन मिल जाएंगे, चक्कर नहीं लगाने होंगे। निर्धारित समय में एनओसी जारी की जाएगी। ( Agra News: ADA Online Portal Launched#Agra )
आगरा में मकान बनाने के लिए आगरा विकास प्राधिकरण के विभिन्न विभागों सहित अन्य विभागों से एनओसी लेने के बाद अनुमति मिलती है। इसके लिए भटकना पड़ता है। मगर, अब ऐसा नहीं होगा।
आनलाइन एनओसी पोर्टल के माध्यम से होगी ट्रैकिंग
बुधवार को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह नेआनलाइन एनओसी पोर्टल लांच किया। नक्शा पास कराने के लिए पोर्टल पर आनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद निर्धारित समय में एडीए को एनओसी देनी होगी, एनओसी नहीं दी जा सकती है तो उसका भी कारण स्पष्ट करना होगा। खुद मंडलायुक्त इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।
30 दिन की समय सीमा
एनओसी पोर्टल पर आवेदन करने की पश्चात ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा सकेगी। आवेदन की स्थिति को हर चरण पर ट्रैक किया जा सकेगा। इस पोर्टल पर सभी संबंधित विभागों को भी इंटीग्रेटेड किया गया है, साथ ही ईमेल के माध्यम से भी विभागों को सूचित किया जाएगा। एनओसी आवेदन पर कार्रवाई हेतु 30 दिन की समय सीमा सुनिश्चित की गई है। इस अवधि में यदि कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो संबंधित की जवाबदेही तय की जा सकेगी। इस अवसर पर मण्डल आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह जी ने कहा कि अभी तक एनओसी आवेदन करने की प्रक्रिया में फॉलोअप करने या मॉनिटरिंग की कोई व्यवस्था नहीं थी, लेकिन एनओसी पोर्टल लॉन्च हो जाने के बाद अब घर बैठे ऑनलाइन अप्लाई किया जा सकेगा। आवेदन की मॉनिटरिंग फॉलोअप होने के कारण किसी को भागदौड़ की आवश्यकता नहीं होगी। पोर्टल के माध्यम से ही सभी आवश्यक जानकारी व दस्तावेज संबंधित विभाग के पास पहुंच जाएंगे, जिस पर निश्चित समयावधि में जांच करने के बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किए जा सकेंगे। अगर 30 दिन के अंदर एनओसी जारी नहीं की जाती है तो संबंधित विभाग को नोटिस भेजा जाएगा जिसके बाद उनकी जिम्मेदारी तय होगी।
एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली जी ने कहा कि शासन की ईज ऑफ डूइंग बिजनस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मण्डल आयुक्त महोदय के निर्देशन में एनओसी पोर्टल को विकसित किया गया है। इस पोर्टल से एनओसी की प्रक्रिया काफी सरल व सुगम होगी। व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और शहरवासियों को भी इससे काफी लाभ होगा।