आगरालीक्स…आगरा में तैयार किया जा रहा था नकली घी. नामी कंपनियों के घी में की जा रही थी मिलावट. 105 टीन नकली घी मिला…
आगरा में एक बार फिर नकली घी बनाने का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई में खुलासा किया है. यहां पर नामी कंपनियों के घी में मिलावट की जा रही थी और उसे नकली बनाया जा रहा था. शनिवार देर रात टीम ने छत्ता के पंजा मदरसा स्थित गोदाम में छापा मारा तो यहां नामी कंपनियों के नाम से भारी मात्रा में टीम को मिलावटी घी मिला.
घी में वनस्पति तेल और रिफाइंड मिलायाजा रहा था
टीम ने यहां देखा तो पता चला कि नामी कंपनियों के घी में वनस्पति तेल और रिफाइंड मिलाकर नए सिरे से पैकिंग की जा रही थी. मिलावटी घी कोजब्त कर जांच के लिए नमूने लिए हैं. एक आरोपी को भी पकड़ा गया है.
105 टीन नकली घी मिला
खाद्य सहायक आयुक्त द्वितीय शशांक त्रिपाठी ने बताया कि यह फैक्टरी का मालिक दिनेशचंद्र गुप्ता मिला. टीम ने जांच की तो यहां पर पांच नामी कंपनियों के टीन भरे हुए थे. इन नामी कंपनियों के घी में रिफाइंड, सोयाबीन तेल और वनस्पति घी की मिलावट कर दोबारा से पैकिंग की जा रही थी. 105 टीन मिलावटी घी मिला है जिसमें करीब 1575 किलोग्राम मात्रा है. इसके अलावा खुला मिलावटी 30 किलो घी भी मिला है. टीम ने पांच नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेजा है. मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.