आगरालीक्स …आगरा में डेंगू का संक्रमण फैलाने वाले एडीज एजिप्टी मच्छर के लार्वा मिलने लग गए हैं, कूलर, घर में जमा पानी में लार्वा मिल रहे हैं।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि उन क्षेत्रों और मकानों की सूची भी बनाई जाएगी, जहां पर मच्छरों का प्रजनन अधिक पाया जाएगा। इन स्थानों की सूची बनाकर यहां पर मच्छर मारने की दवा का छिड़काव कराया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान दस्त रोग के संचरण की संभावना देखते हुए फ्रंटलाइन वर्कर्स अपने साथ ओआरएस पैकेट और क्लोरीन की गोलिया भी अपने साथ रखेंगी और दस्त से बचाव के प्रति लोगों को जागरुकर करेंगी।
हाथों की रखें सफाई
जिला सर्विलांस अधिकारी व नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि इस मौसम में खुद से बीमारियों को दूर रखने के लिए हाथों का साफ रखना जरूरी है। यदि हाथों को साफ रखेंगे तो बीमारियां पास नहीं आएंगी। हाथ साफ रखने की आदत आपको डायरिया, फ्लू इत्यादि से बचा सकती है। उन्होंने बताया कि देश में पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों में होने वाली वार्षिक मृत्यु में से 14 फीसदी मृत्यु डायरिया संबंधी रोगों से होती है। डायरिया होने के मुख्य वजहों में से एक है गंदे हाथों को मुंह में डालना या उससे कुछ खाना।