आगरालीक्स…आगरा कैंट मेट्रो स्टेशन होगा खास, मल्टी मोडल कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा. कैंट से शहर के इन प्रमुख स्थानों पर मिलेगी सीधी मेट्रो सुविधा
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन, जो शहर के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक है, के पास आगरा कैंट मेट्रो स्टेशन अकार लेने लगा है। रेलवे स्टेशन पर ही मेट्रो स्टेशन होने से शहर में मल्टी मोडल कनेक्टिविटी (दो तरह के यातायात का समावेश) को बढ़ावा मिलेगा एवं शहर में रेल द्वारा आने वाले पर्यटक सीधे मेट्रो से शहर के प्रमुख संस्थान, बाज़ार, ताज महल, आगरा फोर्ट आदि पहुँच सकेंगे।

आगरा कॉलेज से बदल सकेंगे मेट्रो
आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन दोनों कॉरिडोर के लिए इंटरचेंज स्टेशन है। आगरा कैंट मेट्रो स्टेशन से आने वाले यात्रियों को यदि प्रथम कॉरिडोर (ताज ईस्ट गेट – सिकंदरा) में किसी गंतव्य पर पहुंचना है, तो आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन से दूसरी लाइन के लिए बदलना होगा।
आगरा कैंट से इन प्रमुख स्थानों पर मिलेगी सीधी मेट्रो सुविधा
आगरा कैंट से यात्रियों को सदर बाज़ार, प्रतापपुरा , संजय प्लेस मार्केट, एमजी रोड (दीवानी), भगवान टॉकीज , सुल्तानगंज क्रासिंग, रामबाग, कमला नगर, ट्रांस यमुना कॉलोनी आदि इलाकों के लिए सीधी मेट्रो सुविधा उपलब्ध होगी। यूपीएमआरसी शहरवासियों को एक सुरक्षित एवं पर्यावरण-सहायक मेट्रो सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
