आगरालीक्स…आगरा में सजेगा ग्रैंड डांस शोकेस. सूरसदन में देश भर से आए 100 प्रतिभागी देंगे प्रस्तुति, बस्ती के बच्चे भी देंगे अपनी प्रतिभा का परिचय…
वाइब्रेंट डांस कोरियोग्राफी संस्था द्वारा आयोजित होने जा रहे "आगरा ग्रैंड डांस शोकेस 2025" के पोस्टर का शुक्रवार को कमला नगर स्थित संस्था परिसर में भव्य विमोचन किया गया। संस्थान के संस्थापक आर्या गर्ग और सह-संस्थापक रीया अग्रवाल ने बताया कि आगामी 8 जून को शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक सूरसदन में आयोजित होने जा रहे इस शोकेस में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 100 प्रतिभागी भाग लेंगे, जो कुल 25 प्रस्तुतियों के माध्यम से विश्व की प्रमुख नृत्य विधाओं जैसे कथक, कंटेंपरेरी, हिप-हॉप, बेले, हाउस डांस और ब्लॉकिंग आदि को मंच पर प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विश्व की विविध नृत्य शैलियों को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक एकता और रचनात्मकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में किसी प्रकार की प्रतियोगिता नहीं होगी, बल्कि यह नृत्य का उत्सव होगा, जिसमें डांस दीवाने टीवी शो फेम एमन अब्बास की विशेष प्रस्तुति दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी। इसके साथ ही संस्था द्वारा प्रशिक्षित छोटे बच्चों की प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम की विशेष झलक होंगी। वाइब्रेंट डांस कोरियोग्राफी का यह प्रयास न केवल शहर की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा, बल्कि युवा प्रतिभाओं को एक वैश्विक मंच से जोड़ने का माध्यम भी बनेगा। पोस्टर विमोचन समारोह में रंजन मेहरा, आकांक्षा शर्मा, चांदनी माथुर, रोहन राही, अंशुल पवार, अतुल पारस, कुमुद कुमार, चहक गोयल, यश भारद्वाज सहित शहर की कला और संस्कृति से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे।