आगरालीक्स..आगरा मेट्रो के Assistant Engineer अपूर्व जैन को उत्तम कार्य के लिए मिला गोल्ड मेडल. 7वें मेट्रो दिवस पर किया गया सम्मानित. सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के लिए इन्हें चुना गया
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा प्रदेश में मेट्रो सेवा के गौरवशाली 7 वर्ष पूर्ण होने पर 7वां ‘मेट्रो दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई करने विश्व की पहली महिला दिव्यांग पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा ने मुख्य अतिथि रहीं। इसके साथ ही आगरा मेट्रो रेल परियोजना में उत्तम कार्य के लिए सहायक अभियन्ता अपूर्व जैन को स्वर्ण पदक व अवर अभियंता शशिकेश कांत को मिला रजत पदक से सम्मानित किया गया। मेट्रो दिवस के अवसर पर आगरा मेट्रो टीम ने वर्चुअल माध्यम से लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मेट्रो दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा ने यूपी मेट्रो द्वारा महिला सुरक्षा एवं दिव्यांगजन की सुविधा हेतु किए गए इंतजामों की जमकर कर सराहना की। उन्होंने कहा कि यूपी मेट्रो देश की अन्य मेट्रो सेवा की तुलना में अलग है, स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा हेतु किए गए इंतजाम सराहनीय है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे समय से पहुंचने के लिए हमेशा मेट्रो का प्रयोग करती हैं, ऐसे में सभी लोग अधिक से अधिक मेट्रो का प्रयोग करें। इस दौरान पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा ने अपने माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने के अनुभव को भी साझा किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यह वर्ष यूपी मेट्रो के लिए बेहद गौरवशाली रहा है। इस वर्ष यूपी मेट्रो ने आगरा में 11 महीने के रिकॉर्ड टाइम में 3 कि.मी. लंबी ट्विन टनल का निर्माण कर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया। इसके साथ ही भारत सरकार द्वारा इस वर्ष यूपी मेट्रो को उत्कृष्ठ यात्री सेवा प्रदान करने हेतु सम्मानित भी किया गया। श्री सुशील कुमार ने कहा कि यूपी मेट्रो द्वारा आगरा एवं कानपुर के शेष भाग में तेज गति के साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है।

7वें मेट्रो दिवस के अवसर पर सम्मानित होने वाले आगरा मेट्रो के अधिकारी :-
- अपूर्व जैन, सहायक अभियन्ता (सिविल)- गोल्ड मेडल
- शशिकेश कांत, कनिष्ठ अभियन्ता (इलेक्ट्रिकल)- सिलवर मेडल
- अंकित कुमार वर्मा (ट्रेन ऑपरेटर/स्टेशन कंट्रोलर)- ब्रॉन्ज मेडल
- शेखर कुमार, सेक्शन इंजीनियर (सिविल)- ब्रॉन्ज मेडल
बता दें कि 5 सितंबर, 2017 को तत्कालीन गृहमंत्री राजनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ मेट्रो की यात्री सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इसके बाद से हर वर्ष 5 सितंबर को मेट्रो दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष यूपीएमआरसी द्वारा राजधानी में हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर सांस्कृतिक कार्योक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि पद्मश्री डॉ. अरुणिमा सिन्हा एवं यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार, सभी निदेशक एवं मेट्रो के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे।