आगरालीक्स …आगरा में विंडम ग्रांड होटल खोलने वाले रिसोर्ट के मालिक को 25.5 करोड़ के फ्रॉड में किया अरेस्ट। जानें पूरा मामला ।

10 मई 2021 को लोहामंडी स्थित ओरियंटल बैंक आफ कामर्स जो विलय के बाद अब पंजाब नेशनल बैंक हो गई है इसके तत्कालीन वरिष्ठ प्रबंधक ब्रजेंद्र प्रताप ने धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें मैसर्स शेखर रिसोर्टस कंपनी चितरंजन पार्क, नई दिल्ली निवासी चंद्र शेखर शर्मा, नरेश व कृष्ण कुमार शर्मा को नामजद किया था। पुलिस ने नोएडा के एक होटल से कृष्ण कुमार शर्मा अरेस्ट कर लिया, रविवार को आगरा में जेल भेज दिया है।
24 संपत्तियां बंधक बनाकर लिया था 25.50 करोड़ का लोन
ओरियंटल बैंक आफ कॉमर्स ने मैसर्स शेखर रिसोटर्स कंपनी को 25.50 करोड़ रुपये का लोन स्वीक्रत किया था, लोन के एवज में 24 संपत्तियों के मूल बैनामे वर्ष 2008 में लोहामंडी स्थित बैंक की शाखा में बंधक रखे थे। एक अप्रैल 2020 को ओरियंटल बैंक को पंजाब नेशनल बैंक में मर्ज कर दिया गया। जांच के दौरान पता चला कि होटल व्यवसाय के लिए लिया गया लोन नहीं चुकाया गया है। बंधक दो प्रोपर्टी को फरवरी 2014 में छल पूर्वक 80 लाख रुपये में बेच दिया गया। वर्ष 2013 में कृष्ण कुमार शर्मा ने ताजगंज थाने में चार संपत्तियों के बैनामे खो जाने की रिपोर्ट लिखाई थी।
फतेहाबाद रोड पर बनाया दूसरा सबसे बड़ा होटल
मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले कृष्ण कुमार शर्मा और उनके बड़े भाई शेखर शर्मा ने जेपी होटल से भी अधिक जमीन में उसी के सामने विंदम ग्रांड होटल खोला था लेकिन यह चल नहीं सका। बैंक नीलामी में होटल बिक चुका है।