आगरालीक्स…आगरा सहित पूरे यूपी में 8 अगस्त, मंगलवार को बंद रहेंगे सभी कान्वेंट स्कूल. स्कूल एसोसिएशन ने किया ऐलान…जानें कारण
आगरा सहित पूरे यूपी में 8 अगस्त मंगलवार को सभी कान्वेंट स्कूल बंद रखने की घोषणा स्कूल एसोसिएशंस की ओर से की गई है. आगरा में भी स्कूल की एसोसिएशन अप्सा की ओर से 8 अगस्त को सभी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इसका कारण है आजमगढ़ के एक स्कूल में विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षक की गिरफ्तारी. इसी के विरोध में निजी स्कूल बंद रहेंगे.

एसोसिशन आफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स आफ आगरा (अप्सा) ने सांकेतिक विरोध का एलान करते हुए कहा कि प्रकरण की सही जांच के लिए यह विरोध किया जा रहा है. सचिव डॉ. गिरधर शर्मा के अनुसार मोबाइल फोन छात्रा के पास से पकड़ा गया. यह फोन विद्यालय ने नहीं दिया बल्कि अभिभावकों के द्वारा दिया गया है. सही-गलत की जांच के पूर्व ही विद्यालय के विरुद्ध कार्यवाही किए जाने का कोई औचित्य नहीं है. अभिभावक कोई बात सुनने को तैयार नहीं होते. जरा-जरा सी बात पर एफआईआर की धमकी देते हैं. विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों को सम्मान देना बंद कर दिया है जबकि विद्यालय वही स्थान होता है, जहां देश के भविष्य के कर्णधारों में संस्कारों और नैतिक मूल्यों का बीजारोपण होता है.
अप्सा अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक बच्चों को कुछ भी कहने से डरता है. उसे डर रहता है कि कहीं उसके खिलाफ कोई कार्यवाही न हो जाए. विद्यालय के प्रधानाचार्य अपना कार्य करने से बचना चाहते हैं. गलती करने पर बच्चों को कुछ कहा जाए तो वह कोई भी गलत कदम उठा लेंगे और उसका पूरा दोष विद्यालय प्रबंधतंत्र, प्रधानाचार्य या शिक्षक के ऊपर आ जाएगा. लेकिन अब यह सब स्वीकार नहीं है. मजबूर होकर अब विरोध प्रकट करने के लिए समस्त निजी विद्यालयों ने एकजुटता दिखाते हुए आठ अगस्त को विद्यालयों को बंद रखने का निर्णय लिया है.