आगरालीक्स…आगरा के विवि में हुई आपात बैठक. प्रोफेसर पर रिसर्च स्कॉलर द्वारा शारीरिक शोषण के आरोप के बाद कुलपति के सख्त निर्देश…हर परिसर में होंगी ये व्यवस्थाएं
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति सचिवालय स्थित बृहस्पति भवन में बुधवार को एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने की। बैठक में विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय कुमार मिश्रा, सभी आवासीय संस्थानों के निदेशक, विभागाध्यक्ष एवं प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा, अनुशासन और सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
हर परिसर में सीसीटीवी होंगे अनिवार्य
कुलपति प्रो. आशु रानी ने सभी संस्थानों को निर्देशित किया कि परिसर में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। इसके तहत सभी संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संस्थान निर्धारित समय पर खुलें और बंद हों, तथा बाहरी व्यक्तियों या विद्यार्थियों का अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। संस्थान में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विवरण रजिस्टर में दर्ज करना अनिवार्य होगा।
अवकाश के दिन संस्थान खोला गया तो अनुमति आवश्यक
कुलपति ने स्पष्ट किया कि यदि कोई संस्थान या विभाग अवकाश के दिन या निर्धारित समय से बाहर खोला जाता है, तो संबंधित निदेशक या विभागाध्यक्ष की अनुमति आवश्यक होगी। अवकाश के दिन आने वाले शिक्षकों की उपस्थिति भी रजिस्टर में दर्ज की जाएगी। साथ ही, विश्वविद्यालय के गैर-शैक्षिक कर्मचारियों को बिना पूर्व अनुमति अवकाश लेने पर वेतन रोकने की कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच नियमित संवाद बना रहना चाहिए। इसके लिए सभी निदेशक और विभागाध्यक्ष आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि विश्वविद्यालय में सकारात्मक और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखा जा सके।
आरोपों के बाद प्रोफेसर को किया है निलंबित
डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की कुलपति प्रो. आशु रानी द्वारा रसायन विज्ञान विभाग खंदारी परिसर स्थित आईबीएसके प्रो. जेसवार गौतम पर रिसर्च स्कॉलर द्वारा दो साल से शारीरिक शोषण के आरोप लगाने के मामले को गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए उसका स्वतः संज्ञान लिया गया तथा प्रकरण को विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समितिको जांच हेतु प्रेषित किया गया था। आंतरिक शिकायत समिति द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन के आधार पर कुलपति प्रो. आशु रानी द्वारा प्रो. गौतम जेसवार गौतम को तत्काल प्रभाव से अग्रिम आदेश तक निलंबित किए जाने के आदेश पारित किए गए हैं।