आगरालीक्स …Agra News: आगरा में सील तोड़कर फ्लैट बेचने पर बिल्डर और खरीदार फंसे, तहरीर दी, जानें क्या बोले बिल्डर।
आगरा के सेक्टर 16 बी सूर्य नगर के रहने वाले मैसर्स रिद्धि सिद्धि बिल्डवैल के मालिक अंकुर जैन ने पदम प्राइड अपार्टमेंट फेज 2 बनाया है। 10 मंजिला अपार्टमेंट में 100 से ज्यादा फ्लैट है। आरोप है कि आवास विकास परिषद से बिना पूर्णता प्रमाण पत्र 2021 में बिल्डर ने फ्लैट बेच दिए। 50 से अधिक निवेशकों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बिल्डर रियल एस्टेट रेगुलेटरी आर्थारिटी यानी रेरा के नियमों का उल्लंघन कर रहा है।
फरवरी में सील किए थे फ्लैट
निवेशकों की शिकायत पर आवास विकास परिषद की टीम ने जीएच 01, ई 01 एफ 901 एच 403 ब्लॉक च में नौवें व दसवें तल पर एक एक फ्लैट के साथ छत व बेसमेंट में रूम सील कर दिइए थे । बिल्डर अंकुर जैन के खिलाफ थाना सिकंदरा में केस दर्ज कराया था। आवास विकास परिषद को शिकायत मिल रही थी कि बिल्डर सील तोड़कर अपार्टमेंट बेच रहा है।
टीम ने छापा मारा, नोटिस किया चस्पा
शिकायत पर अधिशासी अभियंता सूरज पाल सिंह और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल जीएम खान के साथ टीम ने छापा मारा। टीम को तीन फ्लैट की सील तोड़कर बेचे हुए मिले, अधिशासी अभियंता सूरज पाल के अनुसार, एफ 901 और ई 01 को खाली कराकर दोबारा नोटिस चस्पा किया गया है, खरीदार रोहित अग्रवाल, पंकज शर्मा, देवाशीष और बिल्डर अंकुर जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
बिल्डर ने लगाया पक्षपात करने का आरोप
बिल्डर अंकुर जैन का मीडिया से कहना है हम बिल्डर हैं, प्रोजेक्ट बनाने के बाद हैंडओवर कर चुके हैं, 2021 में कब्जे भी दिए थे, चार साल से पूर्णता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रखा है। अन्य फ्लैट में भी अवैध निर्माण है उनके विरुदध कार्रवाई में परिषद पक्षपात कर रहा है।