आगरालीक्स…आगरा के शाहगंज में 80 परिवारों का धर्मांतरण कराने वाले अरोपी राजकुमार लालवाली सहित 8 की जमानत याचिका खारिज. अधिवक्ता बोले—कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए की जाएगी मजबूत पैरवी
विगत दिनों थाना शाहगंज क्षेत्र के अंतर्गत धर्मांतरण गैंग का पुलिस ने खुलासा किया था। करीब 80 परिवारों को धर्मांतरण कराने के आरोपी राजकुमार लालवानी सहित आठ लोगों को पुलिस ने जेल भेजा था। पूरे मामले के वादी घनश्याम हेमलानी धर्मांतरण के आरोपियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत तरीके से पैरवी कर रहे हैं। शुक्रवार 26 सितंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला न्यायाधीश ने धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत याचिका को खारिज कर दिया। वादी की ओर से जमानत याचिका का विरोध वरिष्ठ अधिवक्ता हेमेंद्र शर्मा, प्रदीप पांडे एडवोकेट, अनिल शर्मा एडवोकेट, लोकेश शर्मा एडवोकेट ने किया।
वादी घनश्याम हेमलानी की ओर से न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के पैनल ने धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा इस तरह की आरोपी समाज के लिए अभिशाप हैं अभी पूरे मामले की जांच चल रही है ऐसे में आरोपियों का न्यायालय की अभिरक्षा में रहना जरूरी है। जिला शासकीय अधिवक्ता राधा कृष्ण गुप्ता ने भी धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत का विरोध करते हुए जमानत याचिका खारिज करने की अपील की। वरिष्ठ अधिवक्ताओं की मजबूत बहस के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला न्यायाधीश ने धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत याचिका को खारिज कर दिया।
भारतीय न्याय संहिता धारा 112 ( 2), 61 (2), 3/5(1), धर्म परिवर्तन की धारा में आरोपी जय कुमार मोटवानी, नीतू मोटवानी, कमल कुंडलानी, अनूप कुमार, महिला आरोपी मीनू की जमानत को जिला एवं सत्र न्यायालय ने खारिज कर दिया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि धर्मांतरण के आरोपी समाज के गुनहगार हैं, धर्म के गुनहगार हैं ऐसे लोगों को समाज में रहने का कोई अधिकार नहीं है ।जो सनातन धर्म को आघात पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला शासकीय अधिवक्ता अपराध राधा कृष्ण गुप्ता एडवोकेट ने कहा पुलिस की मजबूत केस डायरी और वादी की ओर से आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत प्रार्थना पत्र का विरोध किया गया है।
धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत खारिज होने पर पूरे मामले के वादी घनश्याम हेमलानी ने कहा अभी पुलिस की जांच चल रही है ऐसे में अभियुक्तों का न्यायालय की अभिरक्षा से बाहर आना ठीक नहीं है आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक मजबूत पैरवी की जाएगी। किसी भी कीमत पर सनातन धर्म को कमजोर करने वालों को बक्सा नहीं जाएगा।
अधिवक्ताओं के चेंबर में गूंजी सनातन धर्म की जय
धर्मांतरण के आरोपियों की जमानत खारिज होने के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता हेमंत शर्मा एडवोकेट के चेंबर में पहुंचे मामले के वादी घनश्याम हेमलानी सहयोगी सुनील करमचंदानी ने न्यायालय में मजबूत बहस करने वाले अधिवक्ताओं का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अधिवक्ताओं के चेंबर में भारत माता की जय सनातन धर्म की जय जय श्री राम के जमकर उद्घोष गूंजे। वादी घनश्याम हेमलानी, सुनील करमचंदानी ने सभी अधिवक्ताओं को मिठाई खिलाकर धर्म रक्षा के लिए लड़ाई लड़ने वाले अधिवक्ताओं को सम्मानित किया।