आगरालीक्स…आगरा में डीएम पर हमले का प्रयास. आरोपी बीडीओ ने बैठक में डीएम से की अभद्रता और गाली गलौज. एफआईआर दर्ज
विकास कार्यों की समीक्षा ले रहे जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी पर हमले की कोशिश की गई है. बीडीओ अनिरुद्ध सिंह पर बैठक में डीएम पर हमला करने, अभद्रता व गालीगलौज करने के आरोप लगाकर थाना रकाबगंज में एफआईआर दर्ज की गई है. बताया जाता है कि आज सुबह डीएम भानु चंद्र गोस्वामी अपने कैंप कार्यालय पर अधिकारियों के साथ विकास कार्य की समीक्षा कर रहे थे. बैठक में सीडीओ प्रतिभा सिंह और सभी ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी भी मौजूद थे.
रकाबगंज थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार बेठक के दौरान डीएम ने विकास खंड क्षेत्र बरौली अहीर में क्षेत्रीय जनता की समस्या और विकास कार्यों की धीमी गति पर खंड विकास अधिकारी अनिरुद्ध सिंह चौहान से स्पष्टीकरण मांगा. आरोप है कि इस पर बीडीओ अनिरुद्ध अचानक आक्रामक हो गए और उत्तेजित होकर जिलाधिकारी से अभद्रता करने लगे. बैठक में उन्होंने डीएम को गाली देना शुरू कर दिया और देख लेने की धमकी दी. इसके अलावा बीडीओ ने डीएम पर हमले का प्रयास भी किया. बैठक में मौजूद अन्य अधिकारी सकते में आ गए और उन्होंने आरोपी को पकड़ा. इस मामले में सहायक विकास अधिकारी खंदौली पंकज कुमार की ओर से थाना रकाबगंज में आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत किए गए व्यवहार को लेकर तहरीर दी गई है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है.