आगरालीक्स…आगरा में तीन दिन से युवक था लापता, परिवार वाले ढूंढ—ढूंढ कर हो गए थे परेशान, अब घर के सामने ही कूड़े के ढेर में मिली उसकी लाश..
आगरा में तीन दिन से लापता एक युवक का शव घर के सामने ही कूड़े के ढेर में मिला है. युवक की लाश मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है.
ये है घटना
घटना थाना फतेहाबाद के गांव बड़ा कछियारा की है. यहां का रहने वाला 23 साल का युवक सोनू पुत्र रामबरन तीन मार्च की रात को घर से अचानक लापता हो गया था. परिवार के लोग उसकी लगातार तलाश में जुटे थे लेकिन उसका कुछ पता नही चल रहा था. परेशान घरवालों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी. गुरुवार सुबह जब गांव के ही लोग कूड़ा डालने के लिए पहुंचे तो उन्होंने कूड़े के ढेर में सोनू की लाश को देखा. सूचना पर परिवार के लोग वहां आ गए सोनू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
हत्या का आरोप
परिजनों ने सोनू की हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने पड़ोसियों से जमीन को लेकर रंजिश की बात बताई है और इसी रंजिश को लेकर हत्या का आरोप लगाया है. घटना के बाद पड़ोसी फरार हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.