आगरालीक्स…आगरा में ब्रह्माकुमारी बहनों ने डॉक्टर्स-नर्सिंग स्टाफ को बांधा रक्षा सूत्र. उनके कल्याण और विश्व शांति की प्रार्थना की
ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों ने डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ के हाथों में राखी बांधकर उनके समर्पण और सेवाभाव को सलाम किया। उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी बहनों ने डॉक्टर्स, नर्सेज और स्टाफ को दिव्य रक्षा सूत्र बांधते हुए उनके कल्याण और विश्व शांति की प्रार्थना की।ब्रह्माकुमारी पीपल मंडी सेवा केंद्र से बीके ममता बहन, रीना बहन और योगेश बहन ने कहा कि यह कोई सामान्य राखी नहीं बल्कि परमात्मा के वरदानों से भरा पवित्र धागा है, जो प्रेम, सकारात्मकता और आंतरिक शक्ति का प्रतीक है। यह रक्षासूत्र डॉक्टर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को न केवल बाहरी बीमारियों से लड़ने की शक्ति देगा, बल्कि उनके मन में धैर्य और करुणा का संचार भी करेगा।
डॉक्टर्स ने सराहा आध्यात्मिक पहलहॉस्पिटल के एमडी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां डॉक्टर्स लगातार तनाव और चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, ऐसे में यह आध्यात्मिक सहयोग हमारे लिए प्रेरणादायक है। वहीं, रेनबो आईवीएफ की एमडी एवं बांझपन एक्सपर्ट डॉ. जयदीप मल्होत्रा ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार जताया और कहा कि ऐसे संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
इस अवसर पर डॉ. निहारिका मल्होत्रा, डॉ. केशव मल्होत्रा, डॉ. सैमी बंसल, मनप्रीत शर्मा, अनीता यादव, जितेंद्र, गुडडू, लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. इंदर पाल सिंह, आदर्श प्रताप सिंह, सिद्धार्थ दुबे, अंकित जैन, तरुण मैनी, वारिद और स्टाफ के कई सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम की देखरेख महाप्रबंधक राकेश आहूजा ने की।