आगरालीक्स…आगरा में इस रक्षाबंधन पर सोने से बना स्पेशल घेवर बढ़ाएगा भाई-बहन के प्यार में मिठास. सोने जैसी क्वालिटी तो सोने जैसे ही हैं इसके दाम…
रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार का पर्व है. एक धागे के बंधन से बंधा यह पर्व हम सभी के लिए बहुत खास होता है. आगरा सहित पूरे ब्रज में तो यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाता है और यहां की सबसे बड़ी खास बात है रक्षाबंधन की स्पेशल मिठाई घेवर. इस बार 11 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा, इसको लेकर आगरा में अभी से मिठाइयों की दुकानों पर आपको घेवर की खुशबू और टेस्ट मिल जाएगा. घेवर की कीमत के बारे में भी आप जानते होंगे. हजार से दो हजार रुपये किलो तक के घेवर के बारे में आपने सुना भी होगा और उनका स्वाद भी लिया होगा लेकिन अगर कोई आपसे कहे कि घेवर की कीमत 25 हजार रुपये किलो है, तो ये सुनकर आप निश्चित ही चौंक जाएंगे. आपके मन में एक ही पल में तरह-तरह की जिज्ञासाएं सामने आ जाएंगी कि आखिर इस मिठाई में ऐसा क्या है और इसका स्वाद कैसा होगा जिससे कि इसकी कीमत 25 हजार रुपये किलो है.

ब्रज रसायनम लेकर आया अनोखा स्वाद
जी हां, आगरा में इस बार रक्षाबंधन पर 25 हजार रुपये किलो वाला घेवर कस्टमर्स के लिए उपलब्ध है. आगरा के नेहरू नगर और फतेहाबाद रोड स्थित ब्रज रसायनम पर 25 हजार रुपये किलो वाला घेवर इस समय कस्टमर्स के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. ब्रज रसायनम के मालिक तुषार गुप्ता का कहना है कि आगरा में घेवर खाने के शौकीनों के लिए हमने कुछ नया और आकर्षित करने वाला किया है. इस घेवर की खासियत ये है कि इसे 24 कैरेट के सोने की परतें लगाई गई हैं. उन्होंने बताया कि यह घेवर आर्डर पर ही तैयार किया जा रहा है. सोने के घेवर के अलावा इस बार लोगों को चिलगोजा के घेवर का टेस्ट भी मिलेगा. इसकी कीमत 3000 रूपये किलो है जबकि पिस्ता घेवर की कीमत 2000 रूपये किलो है.
बता दें कि ब्रज रसायनम द्वारा इससे पहले दिवाली पर भी 30 हजार रुपये किलो वाली सोने की मिठाई कस्टमर्स के लिए उपलब्ध कराई गई थी.