आगरालीक्स…आगरा में लिफ्ट कंपनी के सुपरवाइजर के सुसाइड केस में कंपनी मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज…पत्नी ने लगाए आरोप
आगरा के गुरु तेग बहादुर कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले लिफ्ट कंपनी के सुपरवाइजर के सुसाइड मामले में कंपनी मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मृतक सुपरवाइजर की पत्नी ने यह मुकदमा थाना सिकंदरा में दर्ज कराया है. पत्नी ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोप लगाया है. बीते 4 नवंबर को सुपरवाइजर कुलवीर सिंह का शव गुरु तेग बहादुर कॉलोनी में किराये के कमरे में फंदे पर लटका मिला था.

ये है मामला
दिल्ली के साउथ वेस्ट ताजपुर रोड स्थित रीयल एन्क्लेव निवासी कुलवीर सिंह दिल्ली की ही एक लिफ्ट कंपनी में सुपरवाइजर थे. इस कंपनी का एक आफिस आगरा में आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 12 में भी है. कुलवीर की तैनाती इसी आफिस में थी और वह यहां गुरु तेग बहादुर कॉलोनी में सत्येंद्र सिंह के मकान में किराये पर रहते थे. 4 नवंबर को उनका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला था. पुलिस ने यहां से सुसाइड नोट भी बरामद किया था.
कुलवीर की पत्नी कविता ने आरोप लगाया है कि कंपनी का मैनेजर हरमिंदर कर्दम उसके पति को परेशान करते थे. पति ने कई बार इस बारे में बताया भी था. कंपनी के अधिकारियों से भी शिकायत की थी लेकिन कुछ नहीं हुआ. पत्नी ने आरोपी मैनेजर के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का आरोल गाते हुए कार्रवाई की मांग की है. सिकंदरा पुलिस ने कंपनी मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जांच की जा रही है.