आगरालीक्स…आगरा में पांच लाख ठगे. खुद को बताया डिप्टी सीएम का रिश्तेदार, कहा—पीडब्ल्यूडी में लगवा दूंगा नौकरी…
आगरा में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है. सदर के रहने वाले एक व्यक्ति के पुत्र को पीडब्ल्यूडी में नौकरी दिलाने के नाम पर यह ठगी की गई है. आरोपी ने खुद को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का रिश्तेदार बताकर यह ठगी की है. इसय संबंध में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है.
ये है पूरा मामला
नगला परसौती के रहने वाले फौनर सिंह ने बताया कि उसका परिचय मोतिया की बगीची लंगड़े की चौकी के रहने वाले विनोद कुशवाह से हुआ था. विनोद ने खुद को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का रिश्तेदार और करीबी बताया. उसने कहा कि वी पीडब्ल्यूडी के बड़े अधिकारियों में अपनी पहुंच रखता है और उनके पुत्र की नौकरी लगा सकता है. इसके लिए उसने साढ़े पांच लाख रुपये मांगे. पीड़ित के अनुसार सितंबर 2022 में उन्होंने विनोद कुशवाह को सवा पांच लाख रुपये दे दिए. लेकिन रकम देने के एक साल बाद भी उनके बेटे की नौकरी नहीं लगी. हर बार टालमटोल करता रहा. जब उन्होंने अपनी रकम लौटाने की बात कही तो मना कर दिया और धमकी देने लगा.
फौरन सिंह ने आरोपी द्वारा रुपये लेने का वीडियो और धमकी देने के आडियो के साक्ष्य के साथ अधिकारियों के यहां शिकायत की. इस संबंध में थाना हरीपर्वत पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.