आगरालीक्स…धनतेरस को लेकर सजे आगरा के बाजार. आफर्स ही आफर्स..दोपहर से रात तक बाजारों में भीड़. व्यापारियों में भी उत्साह.
इस समय साल का सबसे बड़ा फेस्टिव सीजन चल रहा है और कल से पंच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस के साथ हो रही है. आगरा के सभी बाजार धनतेरस को लेकर सजकर तैयार हो गए हैं. बाजारों में भी इस समय भीड़ उमड़ रही है. खासकर शाम को तो बाजारों में ग्राहकों की जबर्दस्त चहलकदमी नजर आ रही है. शुक्रवार को धनतेरस है ऐसे में ग्राहकों को लुभाने और उन्हें आकर्षित करने के लिए तरह—तरह के आफर्स निकाले जा रहे हैं. एमजी रोड पर स्थित सभी ब्रांडेड शोरूम्स हों या फिर सदर, सिंधी बाजार, राजा की मंडी, कमला नगर, सुभाष बाजार, न्यू आगरा या बिजलीघर. हर जगह बाजार रोशनी से जगमग होने लगे हैं.
बाजारों में इस समय ज्वैलरी, सोने—चांदी के सिक्के व मूर्तियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, गिफ्ट आइटम, बर्तन, मोबाइल, बाइक, कार, स्कूटी से लेकर घर की साज सजावट का सामान की आकर्षक रेंज उपलब्ध है. व्यापारियों को उम्मीद है कि आगरा में इस बार धनतेरस पर कारेाबार अच्छा होगा. धनतेरस के एक दिन पहले आज दोपहर से ही आगरा के न्यू आगरा मार्केट, सिकंदरा, सिंधी बाजार, राजा की मंडी, शाहगंज, रूई की मंडी, राजेंद्र मार्केट, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, बिजलीघर, कमला नगर, बल्केश्वर, सदर सहित एमजी रोड पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ना शुरू हो गई. शाम को तो कई प्रमुख बाजारों में निकलना तक मुश्किल था. इस दौरान महिलाओं से लेकर बच्चे, बड़े और बुजुर्गों ने जमकर खरीदारी की. बाजारों में देर रात तक लोगों की भीड़ रही.