आगरालीक्स…आगरा में आईफ्लू के कारण स्कूल से लौटाए जा रहे बच्चे. चश्मों की बिक्री जबर्दस्त तरीके से बढ़ी.
आगरा में इस समय आईफ्लू की बीमारी फैली हुई है. आईफ्लू का सबसे ज्यादा असर बच्चों में देखा जा रहा है जिसके कारण उनकी स्टडी भी प्रभावित हो रही है. आईफ्लू होने के कारण स्कूलों से बच्चों को लौटाया जा रहा है और उन्हें पूरी तरह से ठीक होने के बाद ही स्कूल भेजने को कहा जा रहा है. वहीं अगर बच्चे जा रहे हैं तो वह चश्मे पहनकर जा रहे हैं. हर क्लास में 5 से 6 बच्चों में आईफ्लू की शिकायत है. कई प्लेग्रुप स्कूलों में तो पेरेंट्स ने आईफलू के कारण अपने बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर दिया है.

चश्मों की बिक्री बढ़ी
आईफ्लू के कारण आगरा में चश्मों की बिक्री जबर्दस्त तरीके से बढ़ी है. ब्लैक चश्मे की डिमांड सबसे ज्यादा है और हाल ये है कि कई जगह तो ब्लैक चश्मे का स्टॉक तक खत्म हो गया है. रोड साइड चश्मे की बिक्री करने वाले बढ़ती डिमांड के कारण बढ़ाचढ़ाकर पैसे मांग रहे हैं. लोगों की मजबूरी है तो वह खरीद भी रहे हैं.
क्या होता है आई फ्लू ?
डाॅ. संचित बताते हैं कि आई फ्लू यानि कंजक्टिवाइटिस। बारिश के मौसम में होने वाली एक आम समस्या है। आई फ्लू के दौरान आंखों के सफेद हिस्से में संक्रमण हो जाता है। आई फ्लू के ज्यादातर मामले सर्दी-खांसी वाले वायरस की वजह से बढ़ते हैं। बरसात में फंगल इनफेक्शन समेत हवा में प्रदूषक तत्व, वातावरण में नमी जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं, जिसकी वजह से लोगों को आंखों से जुड़ी परेशानियां होने लगती हैं।
आई फ्लू के लक्षण
आंखों का लाल होना
आंखों में सफेद रंग का कीचड़ दिखाई देना
आंखों से पानी बहना
आंखों में सूजन
आंखों में दर्द
आंखों में खुजली
आई फ्लू फैलने के कारण
बारिश के गंदे पानी में नहाने या फिर लंबे समय तक पसीने में काम करने से आंखों में इनफेक्शन की समस्या हो जाती है. इसके अलावा आई फ्लू से पीड़ित लोगों के साथ हाथ मिलाने और गंदे हाथों से आंखों को छूने से भी आंखों में संक्रमण हो जाता है.
आई फ्लू होने पर यह ध्यान रखें
आंखों को बार-बार छूने से बचें
आंखों को साफ करने के लिए टिश्यू पेपर का इस्तेमाल करें
किसी से भी आई टू आई कांटेक्ट न बनाएं
हाथ मिलाने से बचें
टीवी या मोबाइल से दूर रहें
आंखों को छूने के बाद साबुन से हाथ जरूर धो लें।
आई इनफेक्शन से बचने के लिए बारिश में भीगने से बचें
आई फ्लू होने पर क्या करें
ठंडे पानी से आंखों की सफाई करें
आंखों को साफ करने के लिए साफ और सूती कपड़ा इस्तेमाल करें
आई फ्लू के लक्षण दिखते ही तुरंत डाॅक्टर से संपर्क करें