आगरालीक्स…आगरा में सीएम योगी 26 मार्च को, 400 छात्रों को देंगे लैपटॉप और टैबलेट. 636 करोड़ की 127 परियोजनाओं की भी देंगे सौगात. राजा की मंडी स्थित मंदिर में जाएंगे दर्शन करने
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 मार्च को आगरा आ रहे हैं. वो यहां पर जीआईसी मैदान में 636 करोड़ रुपये की 127 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तो वहीं 400 स्टूडेंट्स को लैपटॉप और टेबलेट भी वितरित करेंगे. इसके अलावा वो राज्य व केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाएंगे. सीएम योगी राजा की मंडी स्थित प्राचीन मंदिर में दर्शन करने भी जाएंगे. सीएम योगी के आगमन को लेकर प्रशासन भी तैयारियों में जुट गया है.
राज्य सरकार के आठ साल पूरे हो रहे हैं. इस पर यूपी भारत का ग्रोथ इंजन की थीम पर आगरा सहित प्रदेश के सभी जिलों में 25 से 27 मार्च तक विभिन्न् कार्यक्रम हो रहे हैं. आगरा के जीआईसी में प्रदर्शनी भी लग रही है. 25 मार्च को इसमें प्रभारी जिला मंत्री व पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी आ रहे थे लेकिन अब वो 26 मार्च को सीएम येागी के साथ ही आएंगे. सीएम योगी दोपहर एक बजे आएंगे और खेरिया एयरपोर्ट से सीधे जीआईसी मैदान जाएंगे.
दरियानाथ मंदिर में करेंगे दर्शन
सीएम योगी आदित्यनाथ राजा की मंडी स्थित प्राचीन दरियानाथ मंदिर में जाकर दर्शन करेंगे. एक दिन पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर और रास्ते का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं के लिए दिशा निर्देश दिए हें. 26 मार्च को मंदिर में शंखढाल भंडारा होने जा रहा है जिसमें सीएम योगी शामिल हो सकते हैं.