आगरालीक्स…जन्माष्टमी पर आगरा की सभी गौशालाओं में गायों को पूजा जाएगा. स्कूली बच्चे भी करेंगे भ्रमण..गोबर से बने दीये और मूर्तियां बाजार में बिकेंगी..
मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने अवगत कराया है कि शासन द्वारा गो-आश्रय स्थलों पर श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर कार्यक्रम आयोजित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर सभी गो-आश्रय स्थलों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिसमें जन्माष्टमी के दिन सभी गो आश्रय स्थलों पर समारोह पूर्वक गो-पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि गाय के गोबर से बने दीये, राधा कृष्ण की मूर्तिया, आदि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से तैयार कराकर स्थानीय बाजारों में विक्रय हेतु उपलब्ध करायी जायेगी। कक्षा-6 से कक्षा-12 तक के स्कूली बच्चों को गो आश्रय स्थलों में भ्रमण हेतु लाया जायेगा और उन्हें गो-पालन के प्रति संवेदनशील बनाते हुए श्री कृष्ण जन्माष्टमी के त्यौहार एवं गोपालन के महत्व से अवगत कराया जायेगा तथा जन्माष्टमी के पावन पर्व ही गोशालाओं की साफ-सफाई, स्वच्छता आदि सुनिश्चित की जायेगी तथा पीने हेतु स्वच्छ पानी चारा एवं पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी करायी जायेगी।