आगरालीक्स…वृंदावन में ठाकुर जी के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़. गलियों में पैर रखने की जगह नहीं तो सड़कें भी जाम. नये साल से पहले ही ये हाल तो नये साल पर क्या होगा
वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी की महिमा अपरम्पार है. देश के कोने—कोने भक्त अपने आराध्य के दर्शन करने के लिए हर रोज हजारों की संख्या में आते हैं. हर बार की तरह इस बार भी नये साल पर भक्तों का सैलाब यहां उमड़ेगा लेकिन नये साल से एक सप्ताह पहले ही बांकेबिहारी में श्रद्धालुओं की जबर्दस्त भीड़ देखी जा रही है. आज भी भीड़ इतनी रही कि गलियों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी तो वहीं सड़कें भी पूरा दिन जाम रहीं. सुबह साढ़े 8 बजे से ही मंदिर के द्वार से लेकर मुख्य गलियों में श्रद्धालुओं की जबर्दस्त भीड़ देखी गई. आराध्य की एक झलक पाने के लिए भक्तजन आतुर दिखे.
बीमार, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं से न आने की अपील
मंदिर प्रशासन की ओर नये साल पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण अपील की गई कि बीमार, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को लेकर न आएं. भीड़ अधिक होने के कारण तबीयत और ज्यादा खराब हो सकती है. छोटे बच्चों को लेकर भी न आने की अपील की गई है.
बाहरी वाहनों का प्रवेश बंद
25 दिसंबर से 2 जनवरी तक बाहरी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. प्रवेश मार्ग से मंदिरों तक श्रद्धालु ई—रिक्शाओं से पहुंच सकेंगे. यमुना एक्सप्रेस वे से वृंदावन आने वाले बाहरी वाहनों को पानी गांव लिंक रोड स्थित दारुक पार्किंग, पर्यटन सुविधा केंद्र पर रोककर खड़ा कराया जाएगा. मथुरा की ओर से आने वाले वाहनेां को सौ शैयया के सामने खड़ा कराया जाएगा. छटीकरा की ओर से आने वाले बड़े वाहन को वैष्णोदेवी मंदिर के पास अस्थाई पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा. कार और छोटे वाहनों को मल्टी लेबल पार्किंग के सामने रोका जाएगा. इन वाहनों को यहां स्थायी और अस्थायी पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा. आगरा—दिल्ली हाइवे की ओर से जैंत की ओर से सुनरख मार्ग होकर नगर में प्रवेश करने वाले वाहनों को सुनरख गांव स्थित अस्थाई पार्किंग पर वाहनों को खड़ा कराया जाएगा. यहां से श्रद्धालु ई रिक्शों से बांकेबिहारी मंदिर एवं अन्य मंदिरों तक पहुंच सकेंगे.