आगरालीक्स…आगरा के कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. सुशील सिंघल ने बचाई युवक की जान. छाती से निकाला दो लीटर खून. प्लेट लगाकर फिक्स की पसली…मरीज स्वस्थ
आगरा के रुनकता के रहने वाले 27 वर्ष के राहुल के छत से गिरने से छाती में चोट आई थी. गंभीर हालत में उसे एसएन इमरजेंसी में भर्ती किया गया. कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि मरीज का एक्सरे कराया गया. इसमें बायें तरफ के फेंफड़े में खून भरा हुआ था और आक्सीजन का स्तर लगातार गिरता जा रहा था.
चार घंटे चला आपरेशन
मरीज की जान बचाने के लिए आपरेशन प्लान किया गया. छाती को खोलकर करीब दो लीटर खून निकाला गया. छत से गिरने के कारण बायें तरफ के फेंफड़े की एक से लेकर 9 तक सभी पसली टूटी हुई थीं और फेंफड़ों में घुस गई थीं. इससे गहरे घाव हो गए थे और लगातार खून का रिसाव हो रहा था. करीब चार घंटे चले आपरेशन में प्लेट डालकर पसली फिक्स की गईं और फेंफड़ों के घाव को ठीक किया गया. आपरेशन के बाद से ही मरीज के आक्सीजन का स्तर ठीक होने लगा. दो दिन मरीज को आईसीयू में रखने के बाद वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया.
बड़े अस्पतालों में ही होते हैं ऐसे आपरेशन
आपरेशन के बाद राहुल को डिस्चार्ज कर दिया गया. कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. सुशील सिंघल ने बताया कि इस तरह के मामलों में जितना जल्दी आपरेशन हो जाए, मरीज के ठीक होने की संभावना बढ़ जाती है. मरीज की पसली के साथ फेफड़ों का भी आपरेशन किया गया. एक साथ दो आपरेशन दिल्ली में भी कुछ ही अस्पतालों में होते हैं. आपरेशन करने वाली टीम में डॉ. रत्नेश, डॉ. मयंक, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. यशवर्धन, एनेस्थेसिस्ट डॉ. अंकिता के साथ सचिन और मोनू आदि शामिल हैं.