आगरालीक्स…आगरा के कमला नगर में सांड़ की टक्कर से घायल हुए युवक की मौत. 10 दिन तक जिंदगी के लिए लड़ा, आखिरकार तोड़ दिया दम
आगरा के कमला नगर में सांड़ की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए साइकिल सवार युवक की आज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई. 16 अगस्त को सुबह कमला नगर में रहने वाले प्रशांत गुप्ता दूध लेने के लिए साइकिल से जा रहे थे कि तभी तेज गति से दौड़कर आते हुए सांड़ ने उन्हें अपने चपेट में ले लिया.
16 अगस्त की घटना, वीडियो हुआ था वायरल
कमला नगर एक्सटेंशन में रहने वाले 32 वर्षीय प्रशांत गुप्ता 16 अगस्त को सुबह करीब 7 बजे अपनी साइकिल से दूध लेने जा रहे थे. उनके आगे एक स्कूटी सवार था. सामने से एक सांड तेजी से भागता हुआ आया. सांड को देखकर स्कूटी सवार साइड हो गया। जैसे ही प्रशांत की नजर उस पर पड़ी तो उसने भी अपनी साइकिल रोड़ के किनारे मोड़ दी, लेकिन, सांड बहुत तेजी से भागते हुए आया और उछलकर सीधे प्रशांत से जा टकराता हुआ निकल गया. प्रशांत उछलकर सड़क के किनारे गिर गया. उनका सिर सड़क पर तेजी से टकराया और वह बेहोश हो गए.
इस बीच वहां से गुजर रही वृद्ध महिला प्रशांत के पास पहुंची. अन्य लोग भी आ गए. उन्होंने प्रशांत को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वो बेहोश ही पड़े रहे. आसपास के लोगों ने उनके घर पर सूचना दी. परिजन उन्हें तुरंत लेकर अस्पताल पहुंचे. निजी अस्पताल में पिछले 10 दिन से प्रशांत का इलाज चल रहा था. लेकिन आज उनका निधन हो गया. प्रशांत गुप्ता आगरा के हिन्दुस्तान अखबार में कार्यरत थे.