आगरालीक्स…Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि में ओरेंज इकानॉमी के लिए छात्र होंगे तैयार, सभी कोर्स में एआई। प्रोफेसरों के प्रमोशन और छात्रों के लिए बनेगा हॉस्टल, जानें।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की इस वर्ष की पहली कार्यपरिषद की बैठक मंगलवार को पालीवाल पार्क स्थित
बृहस्पति भवन में कुलपति प्रो. आशु रानी की अध्यक्षता में हुई। छात्रों के सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए सभी विषयों के पाठ्यक्रमों में एआई का उपयोग विषय आधारित को सम्मिलित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। बजट में भी युवाओं को ओरेंज इकोनॉमी यानी एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) सेक्टर को एआई के माध्यम से बढ़ावा देने के लिए प्रावधान किया गया है। ऐसे में विवि अपने सभी कोर्स में एआई पढ़ाएगा।
प्रोफेसरों के प्रमोशन और शिक्षकों की नियुक्ति
आवासीय संस्थानों में कार्यरत नियमित शिक्षकों की व्यक्तिगत प्रोन्नति के अंतर्गत 6 प्रोफेसरों को सीनियर प्रोफेसर तथा चार असिस्टेंट प्रोफेसरों को एसोसिएट प्रोफेसर पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानों एवं विभागों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों हेतु अनुबंधित एवं अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी संस्तुतियों को स्वीकृति प्रदान की गई। उत्तर प्रदेश शासन, उच्च शिक्षा अनुभाग के पत्र दिनांक 15 जुलाई 2015 (प्रस्तर-6) के क्रम में स्ववित्तपोषित संस्थाओं एवं विभागों में कार्यरत संविदा शिक्षकों के मानदेय से सीपीएफ कटौती एवं जमा का प्रावधान जनवरी 2026 से लागू किए जाने को अनुमोदन प्रदान किया गया। मातृत्व अवकाश संबंधी समिति की आख्या पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया कि सभी संविदा महिला शिक्षक एवं कर्मचारी को दो बच्चों तक 26 सप्ताह का सवेतन मातृत्व अवकाश प्रदान किया जाएगा। यह व्यवस्था शासन के नियमानुसार विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध सभी इकाइयों पर लागू होगी। संविदा कर्मचारियों के तीन वर्ष के सेवा-विस्तारण तथा कनिष्ठ सहायक से वरिष्ठ सहायक पद पर कुल पाँच पदोन्नतियों को कार्य परिषद द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया। मृतक आश्रित श्रेणी के अंतर्गत तीन आश्रितों की नियुक्ति को शासनादेश के अनुसार अनुमोदन प्रदान किया गया। आवासीय इकाई द्वारा निर्गत आदेश के क्रम में शैक्षिक सत्र 2025-26 हेतु 25 आर्यभट्ट शिक्षक सहायकों के नियोजन को कार्य परिषद द्वारा संस्तुति प्रदान की गई।
छह आनलाइन कोर्स होंगे शुरू
विश्वविद्यालय में ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ODL) एवं ऑनलाइन लर्निंग को जीरो इन्वेस्टमेंट मॉडल के अंतर्गत प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान की गई। यह सुविधा केवल ए-प्लस नैक (3.36 से अधिक स्कोर) प्राप्त विश्वविद्यालयों को दी गई है। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय के पूर्व से संचालित छह पाठ्यक्रम आगामी सत्र से ऑनलाइन माध्यम से प्रारंभ किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के निर्देशानुसार भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम से शोधपीठ की स्थापना हेतु गठित समिति की आख्या को स्वीकृति प्रदान की गई। इसके लिए स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर प्रस्तावित किया गया है तथा विस्तृत प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया जाएगा।कार्य परिषद द्वारा पाली एवं प्राकृत भाषा के केएमआई संस्थान को पालीवाल पार्क परिसर में शीघ्र प्रारंभ करने तथा पंडित विद्या निवास मिश्रा शोधपीठ की स्थापना को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।
15 छात्रों ने शुरू किए स्टार्टअप, बनेगा हॉस्टल
विवेकानंद इनक्यूबेशन फाउंडेशन के निदेशक द्वारा प्रस्तुत एजेंडा आइटम्स को अनुमोदन प्रदान किया गया। फाउंडेशन के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में कुलपति, कुलसचिव, वित्त अधिकारी सहित प्रो. संजय चौधरी एवं प्रो. शरद चंद उपाध्याय सम्मिलित हैं। वर्तमान में विश्वविद्यालय के 15 छात्र स्टार्टअप प्रारंभ कर चुके हैं। फाउंडेशन की वेबसाइट vifagra.in के माध्यम से छात्र निःशुल्क मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के सुल्तानगंज पुलिया परिसर में वीर जाट गोकुल पुरुष छात्रावास के निर्माण तथा विधि संकाय (लॉ फैकल्टी) के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई। संबंधित प्रक्रियाएँ पूर्ण हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष को भव्य रूप से मनाने हेतु कार्य परिषद द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।