आगरालीक्स…देर रात आगरा ने ओढ़ी कोहरे की घनी चादर, विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रह गई
आगरा में अब सर्दी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। शुक्रवार को एक ओर जहां दिन के समय शहरवासी लगातार तीसरे दिन धूप की गर्माहट को तरसे वहीं देर रात शहर ने कोहरे की घनी चादर ओढ़ ली। इससे विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम हो गई।
आगरा में नए साल का आगाज जबरदस्त सर्दी और शीतलहर के साथ हुआ है। एक जनवरी से पड़ रही ठंड अब अपना असर दिखा रही है। शुक्रवार देर शाम गलन बढ़ने लगी। कड़ाके की ठंड महसूस की गई। वहीं रात 11 बजे के बाद कोहरा छाने लगा। 12 बजे तक शहर ने कोहरे की घनी चादर ओढ़ ली।
इससे हाईवे, एमजी रोड, यमुना किनारा जैसे हमेशा व्यस्त रहने वाले मार्गों, वाटरवक्र्स, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टॉकीज, हरीपर्वत, सेंट जॉन्स सूरसदन, बिजलीघर जैसे व्यस्त चौराहों पर भी इक्का—दुक्का ही लोग नजर आए। जबकि वाहनों के पहिए मानो थम से गए। मुख्य मार्गों पर केवल नो एंटी के बाद निकलने वाले भारी वाहन ही नजर आ रहे थे। हाईवे पर तेज रफ्तार दौड़ने वाले वाहन भी रेंगते नजर आए।
शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 08 डिग्री सेल्सियस पर रहा। वहीं शनिवार को यह थोडा बढ़कर अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 09 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।