आगरालीक्स…आगरा में चांदी कारोबारी के यहां इनकम टैक्स सर्वे में मिली ये बड़ी गड़बड़ी. दस्तावेज अधिग्रहित. भेजा जाएगा नोटिस
आगरा के चांदी कारोबारी के यहां इनकम टैक्स सर्वे में तीन करोड़ रुपये का अंतर मिला है. विभागीय टीम ने चांदी कारोबारी के प्रतिष्ठान और फैक्ट्री पर एक साथ छापा मारा था. टीम ने यहां सात घंटे के करीब कार्रवाई की और यहां तीन करोड़ रुपये की अघोषित आय सामने आई है. टीम ने दस्तावेज अधिग्रहित कर लिए हैं और इस अंतर के लिए इकाई संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर टैक्स एवं पेनल्टी लगाई जाएगी.

बता दें कि इनकम टैक्स विभाग की ओर से शनिवार को आगरा के बड़े चांदी कारोबारी अफजल खान की सीएम चेंस के प्रतिष्ठानों पर सर्वे किया था. टीम ने दोपहर दो बजे के बाद यह सर्वे किया और करीब सात घंटे तक सर्वे की कार्रवाई चलती रही. टीम ने किनारी बाजार स्थित दुकान और नाई की मंडी में तोपखाना स्थित कारखाने में यह कार्रवाई की थी. टीम ने यहां जो स्टॉक देखे और जो स्टॉक मौके पर मिले उनमें काफी अंतर मिला है. विभाग ने मोबाइल और कम्प्यूटर के साथ ही अन्य दस्तावेज भी अधिग्रहित कर लिए हैं. अब विभाग की टीम की ओर से स्टॉक के इस अंतर को लेकर इकाई संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा. यदि जवाब संतोष जनक नहीं मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी.