आगरालीक्स…आगरा नगर निगम के सदन में 1092 करोड़ के बजट पर होगी चर्चा. नालों की समस्या, स्ट्रीट लाइट, साफ सफाई, सड़कों की मरम्मत अहम मुद्दे. 21 जुलाई को सदन
आगरा नगर निगम का दूसरा सदन 21 जुलाई को होने जा रहा है. पहले सदन में जहां कार्यकारिणी चुनी गई थी तो वहीं अब 21 जुलाई को होने जा रहे दूसरे सदन में प्रस्तावित 1092 करोड़ रुपये के बजट पर चर्चा की जाएगी. आगरा की नवनियुक्त मेयर हेमलता दिवाकर और सौ पार्षद इस बजट पर चर्चा करेंगे. 21 जुलाई को होने जा रहे निगम के सदन में आय बढ़ाने से लेकर, नालों की समस्या, स्ट्रीट लाइट, साफ सफाई, सड़कों की मरम्मत जैसे कई अहम मुद्दे होंगे.

बता दें कि 5 जुलाई को नगर निगम के कार्यकारिणी की बैठक हुई थी, जिसमें नगर निगम प्रशासन द्वारा 1092.51 करोड़ का बजट पेश किया गया था. इसमें हाउस टैक्स एक रुपये 30 पैसे से बढ़ाकर झांसी नगर निगम की तरह तीन रुपये करने का प्रस्ताव नगर निगम के अधिकारियों ने रखा. जिसका कार्यकारिणी के सदस्यों ने विरोध किया. उपसभापति रवि बिहारी माथुर ने तर्क दिया कि नगर निगम की सीमा में 3.45 लाख संपत्तियां हैं, जिसमें से एक लाख संपत्तियों से ही हाउस टैक्स वसूला जा रहा है. पिछले वर्ष फरवरी तक 59 करोड़ रुपये हाउस टैक्स वसूला गया था जबकि लक्ष्य 100 करोड़ था. इस बार भी हाउस टैक्स का लक्ष्य 100 करोड़ रखा गया है. अगर सभी संपत्तियों से हाउस टैक्स वसूल लिया जाए तो दर बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उनके इस तर्क पर कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों ने सहमति जताई. इसके बाद गृहकर की दर न बढ़ाने और लक्ष्य 100 करोड़ से बढ़ाकर 125 करोड़ करने का निर्णय लिया गया. इसी तरह नगर निगम निधि से निर्माण कार्य के लिए बजट कम आवंटित किया गया था जिसे कार्यकारिणी सदस्यों ने बढ़वा दिया.