आगरालीक्स…आगरा के न्यू सिविल एन्क्लेव में बाधा बन रहे हैं 286 पेड़. वन विभाग को सुप्रीम कोर्ट में मजबूत पैरवी करने के निर्देश. खेरिया मोड से न्यू सिविल एन्क्लेव तक का रोड बनेगा मॉडल रोड
आगरा न्यू सिविल एन्कलेव परियोजना कार्य में आ रही स्थानीय बाधाओं के निस्तारण हेतु शुक्रवार को लघु सभागार में मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में मौजूद आगरा हवाई अड्डा प्राधिकरण के महाप्रबन्धक प्रोजेक्ट द्वारा न्यू सिविल एन्कलेव के निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं से अवगत कराया गया कि क्लीयरेंस न मिलने के कारण रनवे निर्माण के टेंडर में देरी हो रही है। इस परियोजना के विकास में लगभग 286 पेड बाधा बन रहे हैं, इन्हें हटाए जाने की अनुमति के सबंध में मा0 उच्चतम न्यायालय में सुनवाई चल रही है, जल्द अनुमति लेने हेतु फाॅलोअप किया जाए। आयुक्त महोदय ने वन विभाग को उक्त प्रकरण का फाॅलोअप लेने एवं अग्रिम तिथि को मा0 न्यायालय में होने वाली सुनवाई में मजबूती से पैरवी करने के निर्देश दिए।
सिविल एन्कलेव के आस पास के गांवों को जाने वाले रूट को डायवर्जन किए जाने का प्रकरण रखा गया। आयुक्त महोदय द्वारा पीडब्लूडी विभाग को वैकल्पिक रूट को चिन्हित कर उस मार्ग का जीर्णोद्धार कराये जाने के निर्देश दिए गये। सिविल एन्कलेव क्षेत्र के लिए ड्रैनेज सिस्टम और खेरिया मोड़ से न्यू सिविल एन्कलेव तक के एप्रोच रोड़ का विकास किया जाए। मंडलायुक्त द्वारा निर्देश दिए गये कि पीडब्लूडी विभाग द्वारा तैयार किए गए माॅडल रोड़ के प्रस्ताव की स्वीकृति हेतु शासन को अनुस्मारक पत्र भेजा जाए। अपर जिलाधिकारी नगर को निर्देश दिए कि खेरिया मोड़ से लेकर न्यू सिविल एन्कलेव तक ड्रैनेज सिस्टम, होने वाले विकास कार्यों से सबंधित सभी कार्यदायी संस्थाओं के साथ समन्वय बैठक कर पूर्ण व समुचित विकास की रूपरेखा तैयार की जाए। सिविल एन्कलेव क्षेत्र के आसपास साॅलिड वेस्ट मैनेजमेंट, ब्यूटीफिकेशन आदि कार्य भी शामिल किया जाए। जल आपूर्ति हेतु पाइपलाइन डालने के लिए जलकल महाप्रबन्धक महोदय को हवाई अड्डा प्राधिकरण अधिकारी से समन्वय कर एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में आगरा हवाई अड्डा प्राधिकरण के महाप्रबन्धक प्रोजेक्ट अनूप चंद श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, पीडब्लूडी मुख्य अभियंता एन के यादव, डीवीवीएनएल मुख्य अभियंता कपिल सिंधवानी, एनएचएआई से प्रतीक्षा जैन, एसडीएफओ श्री अरविंद कुमार मिश्र, आदि मौजूद रहे।