आगरालीक्स…आगरा में डीएम ने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों को दिए सख्त निर्देश. बिना आनलाइन बुकिंग के न हो गैस सिलेण्डर की डिलीवरी. कालाबाजारी, ओवररेटिंग की गोपनीय जांच
जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में निर्देश दिये गये कि कोई व्यक्ति या संस्था कालाबाजारी, ओवररेटिंग न करे तथा गोपनीय जांच भी करायी जा रही है. यदि कोई भी ऐसा करता पाया जायेगा तो उसके विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जायेगी. यदि किसी एजेन्सी पर भीड़-भाड या अराजकता हो तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराये. जिन एजेन्सियों पर अत्यधिक भीड है उनकी सूची उपलब्ध करा दे ताकि पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध कराया जा सके.तय समय में ही हो बुकिंग
उन्होंने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों को निर्देशित किया गया कि समस्त आवश्यक सूचनाएं यथा बुकिंग नम्बर, 02 बुकिंग के बीच का अन्तराल (नगरीय 25 दिन/ग्रामीण 45 दिन) तथा टोल फ्री नम्बर आदि प्रदर्शित कर दे. शासन द्वारा पीएनजी कनैक्शनधारकों को एलपीजी कनैक्शन समर्पित किये जाने की सूचना भी अपने आउटलेट पर प्रदर्शित कर दे. बिना आनलाईन बुकिंग तथा डीएसी नम्बर के गैस सिलेण्डरों की डिलीवरी न की जाये साथ ही एजेन्सियों पर एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाये और नगरीय क्षेत्र में शत प्रतिशत होम डिलीवरी किया जाना सुनिश्चित करे.
इस दौरान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर कमला गैस एजेन्सी, अछनेरा द्वारा अवगत कराया गया कि 19 मार्च को कुछ उपभोक्ताओं द्वारा जबरदस्ती गैस सिलेण्डर बिना बुकिंग के दिये जाने हेतु दबाब बनाने पर एजेन्सी के स्टाफ से मारपीट की गयी, जिसकी सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुये उन शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर लिया गया.