आगरालीक्स…आगरा में भव्य होगा कैलाश मंदिर कॉरिडोर. 4.11 करोड़ से चल रहे कॉरिडोर के प्रथम चरण का 70 प्रतिशत काम पूरा. डीएम ने दिए आदेश—और तेज हो काम. जानें क्या क्या होगा कॉरिडोर में
जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने पर्यटन विभाग तथा कैलाश मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा की. पर्यटन विभाग द्वारा कैलाश मंदिर कॉरिडोर तथा कैलाश घाट का कराए जा रहे पुनर्निर्माण की प्रगति तथा प्रस्तावित कार्यों पर प्रेजेंटेशन दिया गया, जिसमें बताया गया कि कैलाश मन्दिर में चलाये जा रहे कार्य तीन चरणों में पूर्ण होगा, जिसमें 04 करोड़ 11 लाख की लागत से कैलाश मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण में 45 मीटर लंबे 03 घाटों, प्रवेश द्वार फ़साड़ का निर्माण आदि कार्य प्रस्तावित है. इनमें से फाउंडेशन, रिटेनिंग वॉल, राफ्ट, क्रिक स्टैप्स आदि कार्य पूर्ण है. प्रवेश द्वार पर कार्य प्रगति पर है.
डीएम ने घाट पर रेलिंग की ऊंचाई बढ़ाने तथा आगामी सावन के सोमवार के दृष्टिगत प्रवेश द्वार मार्ग को साफ कराने के निर्देश दिए। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि 80 मीटर घाट का विस्तारीकरण होगा, भण्डारगृह, पाथवे, पुराने प्रवेश द्वार की मरम्मत, घाट के रैंप, पवेलियन आदि कार्य प्रस्तावित है,तृतीय चरण में पद यात्रा मार्ग, पार्किंग, साइनेज, गार्डरूम, सीटिंग बेंच, रिक्शा स्टैंड, शौचालय सड़कमार्ग, संपूर्ण मार्ग तथा अन्य सौंदर्यीकरण के कार्य, वृक्षारोपण, नाली व गलियों का निर्माण आदि कार्यों को किया जाएगा। जिसका आगणन कर शासन को भेजा जा चुका है। डीएम ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रथम चरण का कार्य श्रावण मास प्रारम्भ होने से पहले पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा द्वितीय व तृतीय चरण के लिए पहले से ही आवश्यकता के अनुसार कार्यवाही पूर्ण कर ली जाये ताकि कार्य प्रारम्भ होने के उपरान्त किसी भी प्रकार का कोई भी व्यवधान न आये.
पर्यटन विभाग के 22 प्रोजेक्ट चल रहे आगरा में
बैठक में क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स ने पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में पर्यटन विभाग द्वारा 22 प्रोजेक्ट स्वीकृत हैं, जिसमें बटेश्वर स्थित प्राचीन कुण्ड, एत्मादपुर में पंचमुखी महादेव मन्दिर, बटेश्वर में जैन तीर्थ स्थल शौरीपुर, कैलाश मन्दिर, फूलेश्वर महादेव मन्दिर, शाहगंज आदि सम्मिलित हैं, जिसमें से 17 कार्य यूपीपीसीएल द्वारा कराए जा रहे हैं, जोकि 09 स्थानों पर है। कैलाश मन्दिर में प्रथम चरण का 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण करा लिया गया है।