आगरालीक्स….. आगरा के प्राइवेट हॉस्पिटल, क्लीनिक, पैथोलॉजी लैब, इमेजिंग सेंटर कल सुबह छह से 24 घंटे के लिए पूरी तरह से बंद रहेंगे, गंभीर मरीजों को भी इलाज नहीं दिया जाएगा। जानें क्या है कारण, क्या रहेंगे इंतजाम।
राजस्थान के दौसा के लालसोट स्थित आनंद हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद प्रसूता के ब्लीडिंग होने लगी और उसकी मौत हो गई। इस मामले में हॉस्पिटल में हंगामे के बाद पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक डॉ. अर्चना शर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। इससे घबराकर डॉ. अर्चना शर्मा ने सुसाइड कर ली। यह मामला देश भर में चर्चा का विषय बना हुआ है और डॉक्टरों में आक्रोश है।

आईएमए की बैठक में 24 घंटे की हड़ताल का लिया गया निर्णय
इस मामले को लेकर बुधवार को आईएमए, भवन तोता का ताल पर बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया है कि गुरुवार सुबह छह बजे से शुक्रवार सुबह छह बजे तक सभी प्राइवेट डॉक्टर हड़ताल पर रहेंगे। इमरजेंसी सेवाएं भी ठप रहेंगी, कोई नया मरीज भर्ती नहीं किया जाएगा। आईएमए के अध्यक्ष डॉ. राजीव उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष डॉ. रवि मोहन पचौरी, सचिव डॉ. अनूप दीक्षित सहित बड़ी संख्या में आईएमए भवन पर एकत्रित हुए डॉक्टरों ने जनरल बॉडी मीटिंग में हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है।
चरमरा जाएंगी व्यवस्थाएं, गंभीर मरीजों को होगी परेशानी
आगरा में आगरा के साथ ही आस पास के जिलों से गंभीर मरीज आते हैं। आईएमए की हड़ताल से मरीजों को निजी अस्पतालों में इलाज नहीं मिलेगा। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहले से ही बड़ी संख्या में मरीज भर्ती हैं। इससे गंभीर मरीजों को इलाज में परेशानी हो सकती है।
ये है मामला
28 मार्च 2022 को राजस्थान के दौसा जिले के लालकोट कस्बे के आनंद हॉस्पिटल में डिलीवरी के बाद पीपीएच यानी अत्यधिक रक्तस्राव से प्रसूता की मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने हॉस्पिटल में हंगामा किया। इस मामले में हॉस्पिटल संचालक डॉ. सुनित उपाध्याय और उनकी पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे तनाव में आई स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्चना शर्मा ने 29 मार्च की सुबह सुसाइड कर ली थी उन्होंने सुसाइड नोट भी छोड़ा था। इसके बाद से देश भर के डॉक्टरों में आक्रोश है।